7 दिन की मियाद खत्म, आरा में अब चलेगा बुलडोजर; 40 फीट चौड़ी सड़क के लिए प्रशासन तैयार
आरा में 40 फीट सड़क चौड़ीकरण के लिए अतिक्रमण हटाने की सात दिन की मोहलत पूरी हो गई है। अब जिला प्रशासन यातायात समस्या के समाधान हेतु बुलडोजर चलाकर अवैध ...और पढ़ें

आरा में अतिक्रमण खाली कराने की कवायद? सांकेतिक तस्वीर
HighLights
आरा में 40 फीट सड़क चौड़ीकरण की प्रक्रिया निर्णायक चरण में।
अतिक्रमण हटाने की सात दिन की मोहलत अब खत्म।
यातायात समस्या समाधान हेतु प्रशासन बुलडोजर कार्रवाई को तैयार।
जागरण संवाददाता, आरा। शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल आरण्य देवी शीश महल चौक से लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग-922 तक सड़क चौड़ीकरण की प्रक्रिया अब निर्णायक चरण में पहुंच गई है।
जिला प्रशासन द्वारा अतिक्रमणकारियों को दी गई सात दिनों की मोहलत पूरी हो चुकी है। इसके बावजूद गोला बाजार सब्जी मंडी क्षेत्र से अतिक्रमण नहीं हटने पर अब प्रशासन बुलडोजर कार्रवाई की तैयारी में जुट गया है।
सड़क को 40 फीट चौड़ा करने की योजना के तहत 100 से अधिक दुकानदारों को पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका है। करीब 15 दिन पहले जिलाधिकारी ने सड़क चौड़ीकरण कार्य में आ रही बाधाओं को गंभीरता से लिया था।
सदर एसडीएम और अंचलाधिकारी को अतिक्रमण हटाने का सख्त निर्देश दिया था। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा था कि आरण्य देवी शीश महल चौक से एनएच-922 तक सड़क को 40 फीट चौड़ा किया जाना है।
ताकि शहर की बढ़ती यातायात समस्या का स्थायी समाधान हो सके और लोगों को जाम से राहत मिले।
100 से अधिक दुकानदारों को दिया गया था नोटिस
जिलाधिकारी के निर्देश के बाद अंचलाधिकारी अंकिता सिंह के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने गोला बाजार और सब्जी गोला क्षेत्र का सर्वे कराया।
सर्वे के दौरान सड़क की सरकारी भूमि पर बने अतिक्रमण को चिह्नित करते हुए 100 से अधिक दुकानदारों और अन्य अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किया गया।
नोटिस में सात दिनों के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया था। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट कर दिया था कि समय सीमा समाप्त होने के बाद किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
जिला प्रशासन ने एक बार फिर अतिक्रमणकारियों से अपील की है कि वे कार्रवाई से पहले स्वयं अपने अवैध निर्माण हटा लें। अधिकारियों का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण शहर के विकास और जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजना है।
यदि इसके बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो नियमानुसार बुलडोजर चलाकर अवैध कब्जों को हटाया जाएगा और सड़क निर्माण कार्य को तेजी से पूरा कराया जाएगा।
प्रशासन का मानना है कि इस कार्रवाई के बाद आरा शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा और वर्षों से जाम की समस्या से जूझ रहे लोगों को राहत मिलेगी।
मियाद खत्म, अब प्रशासन करेगा कार्रवाई
अब सात दिनों की निर्धारित अवधि समाप्त हो चुकी है, लेकिन अधिकांश स्थानों पर अतिक्रमण जस का तस बना हुआ है। ऐसे में जिला प्रशासन अब बुलडोजर अभियान चलाने की तैयारी में है।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, जिन लोगों ने स्वेच्छा से अतिक्रमण नहीं हटाया है, उनके अवैध निर्माण को सरकारी मशीनों से हटाया जाएगा। अभियान के दौरान पुलिस बल और दंडाधिकारी की भी तैनाती की जाएगी।
गोला बाजार और सब्जी मंडी शहर के सबसे व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्रों में गिने जाते हैं। सड़क संकरी होने और दोनों ओर अतिक्रमण रहने के कारण यहां सुबह से देर शाम तक वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं।
एंबुलेंस, स्कूल बस और आवश्यक सेवाओं के वाहन भी अक्सर जाम में फंस जाते हैं। सड़क 40 फीट चौड़ी होने के बाद यातायात व्यवस्था सुगम होगी और बाजार आने वाले ग्राहकों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी राहत मिलेगी।
जून में पूरा होना था सड़क निर्माण
आरसीडी की ओर से कराए जा रहे इस महत्वपूर्ण सड़क चौड़ीकरण कार्य का लक्ष्य इसी वर्ष जून माह में पूरा कर सड़क को आम जनता के लिए समर्पित करना था। लेकिन अतिक्रमण के कारण निर्माण कार्य लगातार प्रभावित होता रहा।
सड़क के कई हिस्सों में निर्माण एजेंसी को काम करने में कठिनाई का सामना करना पड़ा, जिससे परियोजना निर्धारित समय से पीछे चली गई। अब प्रशासन अतिक्रमण हटाकर निर्माण कार्य में तेजी लाने की तैयारी कर रहा है।