मेडिकल कॉलेज के साथ आरा बनेगा हेल्थ हब; कई जिलों को होगा फायदा, मिला 44.5 करोड़ का प्रोजेक्ट
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उदवंतनगर में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज परिसर में सुपर क्रिटिकल केयर ब्लॉक का शिलान्यास किया। 44.50 करोड़ रुपये की लागत से बन ...और पढ़ें

शिलान्यास करने पहुंचे सीएम नीतीश कुमार, दोनों डिप्टी सीएम व अन्य। जागरण
HighLights
मुख्यमंत्री ने उदवंतनगर में क्रिटिकल केयर ब्लॉक का शिलान्यास किया।
44.5 करोड़ की लागत से बनेगा सुपर क्रिटिकल केयर ब्लॉक।
आरा बनेगा मेडिकल हब, कई जिलों को मिलेगा बेहतर इलाज।
संवाद सूत्र, उदवंतनगर (आरा)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा के दौरान उदवंतनगर के जीरो माइल स्थित निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज परिसर में एक ऐसी महत्वपूर्ण योजना का शिलान्यास किया, जिसके लिए भोजपुर के लोग उन्हें लंबे समय तक याद रखेंगे।
उन्होंने शाहाबाद और पूर्वांचल के लोगों के लिए सुपर क्रिटिकल केयर ब्लॉक भवन का शिलान्यास किया। इस भवन के निर्माण पर 44 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत आएगी।
यह क्रिटिकल केयर ब्लॉक (CCB) मेडिकल कॉलेज के अधीन कार्य करेगा, जिससे गंभीर और असाध्य रोगों से पीड़ित मरीजों को बेहतर इलाज मिल सकेगा।
इस सुविधा का लाभ भोजपुर, बक्सर, रोहतास और कैमूर के अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश के गहमर, जमानिया, दिलदारनगर, बलिया समेत अन्य क्षेत्रों के मरीजों को भी मिलेगा।
मेडिकल कॉलेज के निर्माण से आने वाले समय में आरा एक मेडिकल हब के रूप में उभरेगा।मुख्यमंत्री ने इसी परिसर से पूर्ण हो चुकी योजनाओं का उद्घाटन और नई योजनाओं का शिलान्यास भी किया।
स्टॉल के माध्यम से देखी भोजपुर की समृद्धि
जीरो माइल स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल परिसर में लगे विभिन्न विभागों के स्टॉल का निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों से बातचीत की।
उन्होंने पूछा, “आप लोग खुश हैं न?” सकारात्मक जवाब मिलने पर उन्होंने कहा कि और मेहनत कीजिए, सरकार आपके लिए और बेहतर काम करेगी।
समृद्धि यात्रा के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे। इनमें जीविका, ग्रामीण विकास, कृषि, मत्स्य, डेयरी, शिक्षा, स्वास्थ्य, नगर विकास एवं आवास, पंचायती राज, भवन निर्माण, पथ निर्माण, गृह निर्माण तथा समाज कल्याण विभाग शामिल थे।
इस दौरान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, मंत्री विजय चौधरी, श्रम मंत्री संजय सिंह टाइगर, विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह और भोजपुर के डीएम तनय सुल्तानिया भी मौजूद रहे।