भरत तिवारी के फेसबुक फॉलोअर्स में भारी उछाल, एनकाउंटर के बाद बढ़ी लोगों की दिलचस्पी
पुलिस मुठभेड़ में कथित तौर पर मारे गए भरत तिवारी के फेसबुक फॉलोअर्स उनकी मौत के एक महीने बाद 6-7 हजार से बढ़कर लगभग 2.68 लाख हो गए हैं। ...और पढ़ें
-1783873733152_m.webp)
भरत तिवारी। फोटो फेसबुक
HighLights
भरत तिवारी के फॉलोअर्स मुठभेड़ के बाद 2.68 लाख हुए।
वह मुठभेड़ के दौरान कथित तौर पर फेसबुक लाइव पर थे।
न्यायिक जांच और बहस से अकाउंट में रुचि बढ़ी।
संवाद सूत्र, शाहपुर (आरा)। पुलिस एनकाउंटर में कथित तौर पर मारे गए बिलौटी गांव निवासी भरत तिवारी का फेसबुक अकाउंट उनकी मौत के करीब एक महीने बाद भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
एनकाउंटर से पहले उनके फेसबुक अकाउंट पर महज छह से सात हजार के आसपास फॉलोअर्स थे। लेकिन 17 जून की घटना के बाद यह संख्या तेजी से बढ़ते हुए अब करीब 2 लाख 68 हजार तक पहुंच गई है। यह बढ़ोतरी इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
भरत तिवारी सोशल मीडिया, खासकर फेसबुक पर काफी सक्रिय रहते थे। वह अपने दैनिक गतिविधियों, सामाजिक कार्यक्रमों और अन्य घटनाओं से जुड़े वीडियो व पोस्ट नियमित रूप से साझा करते थे। उनके समर्थकों और परिचितों का कहना है कि किसी भी महत्वपूर्ण गतिविधि के दौरान वह फेसबुक लाइव करना नहीं भूलते थे।
मौत के बाद बढ़ी दिलचस्पी
यही कारण है कि उनके निधन के बाद बड़ी संख्या में लोग उनके पुराने वीडियो, लाइव और पोस्ट देखने के लिए उनके फेसबुक अकाउंट को लगातार सर्च कर रहे हैं। 17 जून को हुई कथित पुलिस मुठभेड़ के दौरान भी भरत तिवारी फेसबुक लाइव पर थे।
प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार उन्होंने पूरे घटनाक्रम का लाइव प्रसारण किया था। बताया जाता है कि सरेंडर करने के बाद लाइव प्रसारण समाप्त हुआ और इसके बाद कथित एनकाउंटर की खबर सामने आई।
इस घटनाक्रम के बाद सोशल मीडिया पर उनका नाम तेजी से वायरल हो गया। स्थानीय लोगों का मानना है कि घटना को लेकर जारी बहस, न्यायिक जांच, राजनीतिक गतिविधियों और सोशल मीडिया पर लगातार हो रही चर्चाओं के कारण भी उनके फेसबुक अकाउंट पर लोगों की दिलचस्पी लगातार बढ़ रही है।