भोजपुर के स्टेट हाईवे पर लगेगा हाईटेक ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम, हादसों पर लगेगी लगाम; ऑटोमेटिक कटेगा चालान
भोजपुर जिले में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए दो प्रमुख स्टेट हाईवे पर इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) लगाने का प्रस्ताव जिला सड़क ...और पढ़ें

भोजपुर के दो स्टेट हाईवे पर आईटीएमएस लगाने का प्रस्ताव

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
धर्मेन्द्र कुमार सिंह, आरा। भोजपुर जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए दो प्रमुख स्टेट हाईवे पर इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) लगाने की तैयारी शुरू हो गई है।
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में इस प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी गई है। इसके तहत सकडी-नासरीगंज स्टेट हाईवे के सकडी से सहार तक तथा आरा-अरवल स्टेट हाईवे के तेतरिया से सहार तक हाईटेक कैमरे और अत्याधुनिक निगरानी प्रणाली स्थापित की जाएगी।
परिवहन विभाग की ओर से इस संबंध में प्रस्ताव जिला प्रशासन को भेजा गया है। योजना के लागू होने के बाद इन मार्गों पर वाहन चालकों की गतिविधियों पर चौबीसों घंटे इलेक्ट्रॉनिक निगरानी रखी जाएगी।
निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चलाने, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों का स्वत: ई-चालान जारी होगा।
जानकारी के अनुसार, जिले में लगातार सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए इन दोनों स्टेट हाईवे को प्राथमिकता के आधार पर चयनित किया गया है। इन मार्गों पर प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं और कई स्थानों पर ओवर स्पीड तथा लापरवाही के कारण दुर्घटनाएं होती रही हैं।
आईटीएमएस लागू होने के बाद ऐसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण की उम्मीद जताई जा रही है। आईटीएमएस के तहत लगाए जाने वाले कैमरे वाहन की नंबर प्लेट की पहचान करने में सक्षम होंगे।
कंट्रोल रूम से सीधे निगरानी की जाएगी और नियम तोड़ने वाले वाहन मालिकों के मोबाइल नंबर पर ऑनलाइन चालान भेजा जाएगा। अधिकारियों का मानना है कि तकनीक आधारित निगरानी से सड़क सुरक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी तथा लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।
खबरें और भी
जिले में पहले से दो एनएच पर कार्य कर रहा यह सिस्टम
जिले में इससे पहले आरा-बक्सर और आरा-मोहनिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर यह प्रणाली कार्यरत है। वहां ओवर स्पीडिंग और यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में कमी दर्ज की गई है। इसी अनुभव के आधार पर अब स्टेट हाईवे पर भी इसे विस्तार देने की योजना बनाई गई है।
आईटीएमएस से होने वाले मुख्य लाभ
- ओवर स्पीडिंग करने वाले वाहनों की स्वत: पहचान और ई-चालान।
- बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों पर तत्काल कार्रवाई।
- सड़क दुर्घटनाओं और मौतों में कमी आने की संभावना।
- वाहन चालकों में यातायात नियमों के पालन की प्रवृत्ति बढ़ेगी।
- चोरी या अपराध में प्रयुक्त वाहनों की पहचान और ट्रैकिंग आसान होगी।
- ट्रैफिक जाम और सड़क सुरक्षा की निगरानी बेहतर होगी।
- पुलिस एवं परिवहन विभाग की कार्रवाई अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनेगी।
- मानव संसाधन पर निर्भरता कम होगी तथा निगरानी व्यवस्था 24 घंटे संचालित रहेगी।
दो स्टेट हाईवे पर आईटीएमएस का डीएम के पास भेजा गया प्रस्ताव
भोजपुर जिले में लगातार हो रहें हादसों में कमी लाने के लिए उपरोक्त दोनों स्टेट हाईवे पर सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में आईटीएमएस को लागू करने का प्रस्ताव विगत दिनों पास हुआ था। उसे अब डीएम के पास भेजा गया है। उनका आदेश मिलते ही इसे लागू करने का प्रयास तेज किया जाएगा। - अमित कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी, भोजपुर
यह भी पढ़ें- भोजपुर: करोड़ों की सरकारी संपत्ति खंडहर में तब्दील, सनदिया पंचायत भवन पर प्रशासन की चुप्पी