कूद जाऊंगा, फांद जाऊंगा...; भोजपुर में शादी टूटने से नाराज युवक मोबाइल टावर पर चढ़ा, 4 घंटे बाद ऐसे उतरा
भोजपुर के गुलजारपुर गांव में शादी टूटने से नाराज एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। करीब चार घंटे के हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने उसे स ...और पढ़ें
HighLights
शादी टूटने से नाराज युवक टावर पर चढ़ा।
भोजपुर के गुलजारपुर गांव की घटना।
पुलिस व ग्रामीणों ने सुरक्षित नीचे उतारा।
जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले के सहार थाना क्षेत्र के गुलजारपुर गांव में शादी टूटने से नाराज एक युवक बुधवार की सुबह मोबाइल टावर पर चढ़ गया।
करीब तीन से चार घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस और ग्रामीणों के समझाने-बुझाने पर उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। बाद में युवक को सहार थाना लाया गया।
शादी टूटने से नाराज था युवक
जानकारी के अनुसार गुलजारपुर गांव निवासी महेश पासवान, पिता गणेश पासवान, की शादी गजराजगंज ओपी क्षेत्र के रामपुर मिल्की गांव की एक युवती से चार-पांच माह पहले तय हुई थी।
हालांकि, किसी कारणवश बाद में लड़की पक्ष ने शादी करने से इंकार कर दिया। इससे आहत महेश बुधवार की अहले सुबह गांव स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर डायल 112 की टीम और सहार थाना पुलिस भी वहां पहुंची, लेकिन युवक टावर से उतरने को तैयार नहीं था।
लड़की पक्ष से आश्वासन मिलने पर उतरा नीचे
वह लगातार शादी कराने की मांग पर अड़ा रहा। युवक का कहना था कि जब तक लड़की पक्ष शादी के लिए राजी नहीं होगा, तब तक वह नीचे नहीं उतरेगा।
करीब चार घंटे तक चले इस घटनाक्रम के दौरान पुलिस और ग्रामीण लगातार युवक को समझाने का प्रयास करते रहे। इस बीच पुलिस ने लड़की पक्ष से भी बातचीत कराई।
बातचीत और काफी देर तक चली मान-मनौव्वल और संतोषजनक आश्वासन मिलने के बाद युवक टावर से नीचे उतरने को तैयार हुआ।
सहार थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि पुलिस और स्थानीय लोगों के सहयोग से युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया, जिससे उसकी जान बच गई।