Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    भोजपुर में पीपा पुल पर 'खाकी' की आड़ में वसूली; होमगार्ड जवान समेत तीन को पुल‍िस ने दबोचा

    Updated: Sat, 04 Jul 2026 09:05 AM (IST)

    भोजपुर पुलिस ने पीपा पुल पर राहगीरों से खुद को पुलिसकर्मी बताकर रंगदारी वसूलने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में एक होमगार्ड जवान सहित तीन ...और पढ़ें

    पुल‍िस गि‍रफ्त में अवैध वसूली के आरोप‍ित। जागरण

    पुल‍िस गि‍रफ्त में अवैध वसूली के आरोप‍ित। जागरण

    HighLights

    1. पीपा पुल पर पुलिसकर्मी बन करते थे वसूली।

    2. होमगार्ड जवान सहित तीन आरोपी गिरफ्तार किए गए।

    3. घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो पुलिस ने जब्त की।

    जागरण टीम,आरा/बड़हरा। भोजपुर पुलिस ने सिन्हा थाना क्षेत्र के महुली घाट स्थित पीपा पुल पर राहगीरों से खुद को पुलिसकर्मी बताकर रंगदारी वसूलने और विरोध करने पर मारपीट करने वाले गिरोह का राजफाश किया है।

    मामले में बिहार गृह रक्षा वाहिनी के एक जवान समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक स्कार्पियो भी जब्त कर ली है।

    इसकी जानकारी शुक्रवार को भोजपुर एसपी राज ने दी। थाना प्रभारी राजू कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग शराब के नशे में पीपा पुल पर आने-जाने वाले लोगों से जबरन रुपये वसूल रहे हैं।

    पीपा पुल पर राहगीरों से मारपीट और अवैध वसूली का आरोप

    विरोध करने पर उनके साथ मारपीट भी की जा रही है। खुद को पुलिसकर्मी बता रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और तीनों आरोपितों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

    गिरफ्तार आरोपितों की पहचान संदेश थाना क्षेत्र के अखगांव निवासी होमगार्ड जवान रोहित कुमार, नवादा थाना क्षेत्र के मिल्की अनाईठ निवासी सोनू कुमार तथा नवादा थाना क्षेत्र के एकता नगर अनाईठ निवासी अभिषेक कुमार के रूप में हुई है।

    तीन नामजद व दो अज्ञात पर एफआईआर 

    सभी नशे की हालत में थे। इस मामले में कृष्णागढ़ थाना के उदयभानपुर निवासी राजकुमार के बयान पर तीन नामजद समेत दो अज्ञात के विरूद्ध प्राथमिकी की गई है।

    पुलिस ने आरोपितों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

    साथ ही घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।