फिर डूबने लगा आरा के शाहपुर-बनाही स्टेशन रोड, शाम तक पूरी तरह कट सकता है संपर्क; हजारों लोगों की बढ़ी चिंता
भोजपुर में छेर नदी का जलस्तर बढ़ने से शाहपुर-बनाही स्टेशन रोड पर बना अस्थायी डायवर्सन फिर डूब गया है। इससे हजारों ग्रामीणों और छात्रों का आवागमन बाधित ...और पढ़ें

शाम तक पैदल आवाजाही भी बंद होने की आशंका
HighLights
शाहपुर-बनाही स्टेशन रोड छेर नदी में डूबा।
अस्थायी डायवर्सन पर दो फीट पानी चढ़ा, आवागमन बाधित।
ग्रामीणों ने स्थायी पुल निर्माण की मांग की।
संवाद सूत्र, आरा(भोजपुर)। तीन राष्ट्रीय राजमार्गों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण शाहपुर-बनाही स्टेशन रोड एक बार फिर छेर नदी की उफनती धारा की चपेट में आ गया है। रुद्रनगर गांव के पास बने अस्थायी डायवर्सन पर गुरुवार को करीब दो फीट पानी चढ़ गया, जिससे आवागमन पर संकट गहरा गया है।
शाम तक पैदल आवाजाही भी बंद होने की आशंका
नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से आशंका है कि शाम तक इस मार्ग पर पैदल आवाजाही भी पूरी तरह बंद हो सकती है।
फिलहाल स्कूली बच्चे जान जोखिम में डालकर पानी पार कर विद्यालय पहुंच रहे हैं, जबकि टेंपो समेत सभी छोटे-बड़े वाहनों का परिचालन पूरी तरह ठप हो गया है।
हजारों ग्रामीणों और छात्रों की बढ़ी परेशानी
इस मार्ग के दक्षिणी हिस्से के गांवों से प्रतिदिन हजारों लोग शाहपुर आते हैं। इनमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, मरीज, किसान और बाजार जाने वाले ग्रामीण शामिल हैं। सड़क बाधित होने से लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो गई है।
12 दिन पहले ही बहाल हुआ था डायवर्सन
ग्रामीणों ने बताया कि एक सप्ताह पहले तेज बहाव में यही डायवर्सन बह गया था। इसके बाद ग्रामीण कार्य विभाग ने ईंट के टुकड़े, रोड़े और ह्यूम पाइप डालकर अस्थायी डायवर्सन तैयार किया।
करीब 12 दिन बाद यातायात बहाल हुआ था, लेकिन अब फिर स्थिति गंभीर हो गई है।
तीन राष्ट्रीय राजमार्गों को जोड़ता है अहम मार्ग
शाहपुर-बनाही स्टेशन रोड, शाहपुर को राष्ट्रीय राजमार्ग-922, राष्ट्रीय राजमार्ग-84 और राष्ट्रीय राजमार्ग-30 से जोड़ता है। ऐसे में संपर्क टूटने से आसपास के दर्जनों गांवों का आवागमन प्रभावित होने की आशंका है।
ग्रामीणों ने स्थायी पुल निर्माण की उठाई मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द स्थायी पुल बनाने और सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था करने की मांग की है।
लोगों का कहना है कि छेर नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है और यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो अगले कुछ घंटों में सड़क का संपर्क पूरी तरह टूट सकता है।