ड्यूटी से लौटते वक्त हादसा, जख्म नहीं सह सके सब-इंस्पेक्टर विजय कुमार; आरा सदर अस्पताल गेट पर मौत
तरारी थाना के सब-इंस्पेक्टर विजय कुमार की सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद आरा सदर अस्पताल के गेट पर मौत हो गई। वे ड्यूटी से लौटते समय हादसे का शिका ...और पढ़ें

घायल सब-इंस्पेक्टर विजय कुमार का निधन
HighLights
सब-इंस्पेक्टर विजय कुमार की सड़क दुर्घटना में मौत।
ड्यूटी से लौटते समय कार ने मारी टक्कर।
आरा सदर अस्पताल गेट पर तोड़ा दम।
संवाद सूत्र, तरारी(भोजपुर)। तरारी थाना के सब-इंस्पेक्टर विजय कुमार ने आखिरकार जिंदगी की जंग हार दी। सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद उनका इलाज चल रहा था। पैर टूटने का दर्द तो उन्होंने सह लिया, लेकिन अंदरूनी तकलीफ भारी पड़ गई। आरा सदर अस्पताल के गेट पर ही उनकी सांसें थम गईं।
30 साल की सेवा, रिटायरमेंट से पहले मौत
58 वर्षीय विजय कुमार ने 23 फरवरी 1993 को पुलिस सेवा ज्वाइन की थी। वे वर्ष 2027 में सेवानिवृत्त होने वाले थे। करीब तीन दशक तक उन्होंने ईमानदारी से सेवा दी।
रिटायरमेंट से पहले ही उनका यूं चले जाना सभी को झकझोर गया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
विजय कुमार अपने पीछे पत्नी कौशल्या देवी को छोड़ गए हैं। उनके दो बेटे और तीन बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है।
घर में खुशहाल माहौल था, जो अचानक मातम में बदल गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कैसे हुआ हादसा
बुधवार को वे केस अनुसंधान कर लौट रहे थे। सेदंहा-तरारी मार्ग पर विपनडीह गांव के पास एक कार ने टक्कर मार दी।
हादसे में उनका पैर बुरी तरह टूट गया। स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें आरा रेफर किया गया।
इलाज के बाद भी नहीं मिली राहत
निजी क्लीनिक में उनके पैर में प्लास्टर किया गया। इसके बाद परिजन उन्हें घर ले आए थे।
लेकिन दर्द और तकलीफ लगातार बढ़ती गई। गुरुवार को अचानक उनकी तबीयत और बिगड़ गई।
अस्पताल पहुंचने से पहले टूटी सांस
दोपहर करीब 12 बजे पेट फूलने की शिकायत हुई। परिजन तुरंत उन्हें आरा सदर अस्पताल लेकर जा रहे थे।
लेकिन करीब 1 बजे अस्पताल गेट पर ही उनकी मौत हो गई। यह दृश्य देख हर कोई स्तब्ध रह गया।
पुलिस विभाग में शोक की लहर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी अस्पताल पहुंचे। थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने गहरा शोक व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि विजय कुमार कर्तव्यनिष्ठ और ईमानदार अधिकारी थे। उनके निधन से विभाग को अपूरणीय क्षति हुई है।