नीट परीक्षा में फेल होने पर छोड़ा था घर, वृंदावन में साधु के वेश में मिला भोजपुर का लापता छात्र
भोजपुर से एक साल पहले लापता हुआ छात्र सिद्धांत विशाल वृंदावन में साधु के वेश में मिला। ...और पढ़ें
-1784486313068_m.webp)
वृंदावन में मिला छात्र। (जागरण)
HighLights
भोजपुर का लापता छात्र सिद्धांत विशाल वृंदावन में मिला।
नीट में असफलता के बाद साधु का जीवन अपनाया।
पुलिस ने सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपा।
जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले से एक वर्ष पूर्व रहस्यमय ढंग से लापता हुआ छात्र सिद्धांत विशाल आखिरकार उत्तर प्रदेश के वृंदावन, मथुरा में साधु के वेश में मिल गया।
नीट परीक्षा में असफल होने के बाद निराश छात्र घर छोड़कर चला गया था और वृंदावन में दीक्षा लेकर साधु का जीवन जीने लगा था।
टाउन थाना पुलिस की टीम ने उसे वृंदावन सकुशल बरामद कर लिया है। उसके मिलने के बाद स्वजन ने राहत की सांस ली है।
इंस्पेक्टर देवराज राय ने बताया कि बरामद छात्र का साेमवार को कोर्ट में बयान दर्ज कराया जाएगा। जानकारी के अनुसार, आरा शहर के टाउन थाना क्षेत्र के शीतल टोला, वार्ड संख्या-37 निवासी कुमार विश्वास पिता अधिवक्ता विपिन प्रताप सिंह ने 17 जून 2025 को संबंधित थाना में अपने भतीजे सिद्धांत विशाल के अपहरण की आशंका को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
प्राथमिकी में बताया गया था कि छात्र 14 जून 2025 की सुबह करीब चार बजे छात्र सिद्धांत विशाल पिता कुमार विशाल घर से टहलने निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला।
प्राथमिकी में स्वजन ने पुलिस को बताया था कि विशाल राजस्थान के कोटा स्थित रहकर नीट की तैयारी कर चुका था। परीक्षा में अपेक्षित सफलता नहीं मिलने के कारण वह काफी तनाव और निराशा में रहने लगा था।
प्रेमानंद महाराज के प्रवचन से था प्रभावित
वृंदावन के चर्चित संत प्रेमानंद महाराज के प्रवचन से काफी प्रभावित रहता था। घर से निकलते के बाद उसका मोबाइल भी बंद हो गया था, जिससे स्वजन की चिंता और बढ़ गई थी।
लगातार तकनीकी और मानवीय अनुसंधान के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि लापता छात्र वृंदावन में साधु के वेश में रह रहा है। इसके बाद टाउन पुलिस की एक टीम वृंदावन पहुंची और उसे सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ में उसने बताया कि परीक्षा में असफल होने के बाद वह वैराग्य की भावना से घर छोड़कर वृंदावन चला गया था, जहां उसने दीक्षा लेकर साधु का जीवन अपना लिया।
पुलिस ने छात्र को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद स्वजन के सुपुर्द कर दिया है। एक साल बाद बेटे के मिलने से परिवार में खुशी का माहौल है। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई पूरी की जा रही है।