Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बिहार में शिक्षा विभाग के DPO पर जानलेवा हमला, कार रोककर हॉकी-डंडों से पीटा; 3 घायल

    Updated: Thu, 06 Aug 2026 10:15 PM (GMT+05:30)

    शिक्षा विभाग के डीपीओ राहुल कुमार और दो अन्य कर्मियों पर आरा के सनदिया-रतनपुर ओवरब्रिज के पास हमला हुआ। ...और पढ़ें

    हमले में क्षतिग्रस्त कार। (जागरण)

    हमले में क्षतिग्रस्त कार। (जागरण)

    HighLights

    1. शिक्षा विभाग के डीपीओ और दो कर्मियों पर हमला।

    2. आरा के सनदिया-रतनपुर ओवरब्रिज के पास हुई घटना।

    3. प्रमाण पत्र जांच विवाद को लेकर हुआ हमला।

    जागरण संवाददाता, आरा। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सनदियां-रतनपुर ओवरब्रिज के समीप गुरुवार की शाम चार पहिया गाड़ी पर सवार हमलावरों ने शिक्षा विभाग के डीपीओ (जिला कार्यक्रम पदाधिकारी) एवं दो अन्य कर्मियों पर जानलेवा हमला कर दिया।

    हॉकी एवं लाठी-डंडे से किए गए हमले में डीपीओ समेत तीनों को चोटें आई हैं। हमलावरों ने उनकी कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया है। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई।

    पुलिस अजीमाबाद थाना के ताराचक निवासी शिक्षक राजीवर को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। थानाध्यक्ष राम कल्याण यादव ने बताया कि प्रमाण पत्र जांच को लेकर विवाद की बात सामने आई है।

    घायलों का इलाज सदर अस्पताल में कराया गया। जानकारी के अनुसार, सर्व शिक्षा अभियान के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी राहुल कुमार दो अन्य कर्मियों के साथ कार्यालय से कार पर सवार होकर आरा-सलेमपुर रोड के रास्ते जा रहे थे।

    ara crime news (38)

    अस्पताल में चल रहा इलाज।

    इसी दौरान सनदिया-रतनपुर ओवरब्रिज के समीप एक कार सवार चार-पांच लोगों ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर रोक लिया। इसके बाद आधा दर्जन से अधिक लोगों ने अचानक हॉकी, लाठी-डंडे से हमला कर दिया।

    हमले में डीपीओ समेत तीनों लोग घायल हो गए। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को आता देख हमलावर कार से फरार हो गए। घटना में घायल प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के एक कर्मी को गंभीर चोटें आने पर इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

    घायल कर्मियों ने बताया कि हमलावरों ने जान मारने की नीयत से हमला किया था। अचानक हुए हमले से वे लोग संभल भी नहीं पाए। स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह उनकी जान बची।

    हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा

    घटना के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के कर्मी समेत अन्य अधिकारी मुफस्सिल थाना पहुंच गए। कर्मियों ने घटना में शामिल हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया।

    जिला शिक्षा पदाधिकारी मानवेंद्र कुमार राय भी थाना पहुंचे। उन्होंने बताया कि जिला कार्यक्रम पदाधिकारी राहुल कुमार अपने दो अन्य कर्मियों के साथ कार्यालय से वापस लौट रहे थे।

    इसी दौरान उन पर जानलेवा हमला किया गया। हमले में डीपीओ समेत तीनों को चोटें आई हैं और उनका इलाज कराया जा रहा है। इधर, पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है।