भोजपुर में सरकारी लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई, पीरो सीओ और आरा सदर अधिकारी सस्पेंड
बिहार सरकार के राजस्व विभाग ने भोजपुर जिले के दो अधिकारियों, पीरो के सीओ लखेंद्र कुमार और आरा सदर के प्रभारी चकबंदी पदाधिकारी संजय कुमार को निलंबित कर ...और पढ़ें

पीरो सीओ और आरा सदर अधिकारी सस्पेंड (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, आरा। बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने भोजपुर जिले में पदस्थापित दो अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। पीरो के अंचलाधिकारी (सीओ) लखेंद्र कुमार तथा आरा सदर के प्रभारी चकबंदी पदाधिकारी संजय कुमार पर कार्य में लापरवाही यह कार्रवाई की गई है। दोनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर इनकी पोस्टिंग पूर्णिया कर दी गई है।
राजस्व विभाग में सरकार के उप सचिव डॉ. सुनील कुमार के अनुसार पीरो के सीओ लखेंद्र कुमार पर सरकारी कार्यों में लापरवाही, उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना तथा राजस्व से जुड़े मामलों में अनियमितता बरतने का आरोप है।
जांच में यह भी सामने आया कि उन्होंने कई महत्वपूर्ण निर्देशों का अनुपालन नहीं किया, जिससे सरकारी कार्य प्रभावित हुए। इसके अतिरिक्त वित्तीय प्रबंधन सही नहीं होने के कारण राजस्व वसूली भी लक्ष्य के अनुरूप नहीं हुई है।
वहीं, आरा सदर के प्रभारी चकबंदी पदाधिकारी संजय कुमार पर भी गंभीर आरोप लगे हैं। उन पर सरकारी आदेशों की अनदेखी करने, योजनाओं के क्रियान्वयन में ढिलाई बरतने तथा जनकल्याणकारी कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं करने का आरोप है।
विभागीय जांच में यह स्पष्ट हुआ कि उन्होंने कई महत्वपूर्ण मामलों में समयबद्ध कार्रवाई नहीं की, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित हुई। विभाग ने दोनों अधिकारियों के आचरण को बिहार सरकारी सेवक आचरण नियमावली के विरुद्ध मानते हुए निलंबन की कार्रवाई की है।
निलंबन अवधि में दोनों अधिकारियों को जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा और उनका मुख्यालय आयुक्त कार्यालय, पूर्णिया मंडल में निर्धारित किया गया है।
साथ ही स्पष्ट किया गया है कि दोनों के खिलाफ विभागीय कार्यवाही अलग से संचालित की जाएगी। विभाग की इस कार्रवाई से हड़ताल पर चल रहे सीओ, आरओ समेत अन्य प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।