Doda Jammu Kashmir Accident: टुकड़े-टुकड़े हुआ 'बुलेटप्रूफ' वाहन.. बिहार के लाल ने सुबह की थी मां से बात, शाम को शहादत की खबर
J&K Doda Accident जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में हुए हादसे में बिहार रेजीमेंट के नायक हरे राम कुंवर शहीद हो गए। भोजपुर के नथमलपुर गांव में शहादत की खबर ...और पढ़ें

बिहार के लाल हरे राम कुंवर देश के लिए शहीद
HighLights
डोडा हादसे में बिहार रेजीमेंट के नायक हरे राम कुंवर शहीद।
भोजपुर के नथमलपुर गांव में शहादत की खबर से मातम।
शहीद का पार्थिव शरीर शुक्रवार को सैन्य सम्मान से अंतिम संस्कार।
संवाद सूत्र, बड़हरा (आरा)। J&K Doda Accident जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में हुए दर्दनाक हादसे में बिहार रेजीमेंट के जवान नायक हरे राम कुंवर वीरगति को प्राप्त हो गए। जैसे ही शहादत की सूचना भोजपुर जिले के बड़हरा प्रखंड अंतर्गत नथमलपुर गांव पहुंची, पूरा गांव शोक में डूब गया। घर से लेकर चौपाल तक मातमी सन्नाटा पसर गया और लोगों की आंखें नम हो गईं।
सुबह मां से बात, शाम को आई शहादत की खबर
38 वर्षीय नायक हरे राम कुंवर ने गुरुवार सुबह अपनी मां शांति देवी से फोन पर बात की थी। उन्होंने घर-परिवार का हालचाल लिया और ड्यूटी पर निकलने की बात कही। किसी को अंदाजा नहीं था कि यही आखिरी बातचीत होगी। कुछ ही घंटों बाद उनके बलिदान की सूचना ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया।
2009 में सेना जॉइन, 2014 में हुई थी शादी
हरे राम कुंवर वर्ष 2009 में दानापुर में बिहार रेजीमेंट में बहाल हुए थे। 2014 में उनका विवाह उदवंतनगर प्रखंड के बिशनपुरा गांव की खुशबू देवी से हुआ था। उनके दो छोटे बेटे हैं, 8 वर्षीय प्रियांशु और 5 वर्षीय पीयूष। पिता की शहादत की खबर से दोनों बच्चे अभी अनजान हैं, लेकिन परिवार का दर्द हर आंख में साफ झलक रहा है।
शुक्रवार को गांव पहुंचेगा पार्थिव शरीर
स्वजनों के अनुसार शहीद जवान का पार्थिव शरीर शुक्रवार को दानापुर पहुंचेगा। वहां से उसे पैतृक गांव नथमलपुर लाया जाएगा। अंतिम संस्कार महुली गंगा घाट पर पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया जाएगा। गांव में लोग अंतिम दर्शन के लिए उमड़ने लगे हैं।
खबरें और भी
डोडा हादसे में 10 जवान शहीद, 11 घायल
डोडा जिले के भद्रवाह-चंबा सड़क मार्ग पर खन्नी टॉप के पास सेना का बुलेटप्रूफ वाहन 200 फुट गहरी खाई में गिर गया। बताया गया कि चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद गाड़ी करीब 200 फुट गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर ही कई जवानों की मौत हो गई। वाहन में सवार जवान आतंकवाद विरोधी अभियान के लिए अपनी पोस्टिंग पर जा रहे थे। इस हादसे में कुल 10 जवान शहीद हो गए, जबकि 11 घायल हुए हैं।
बिहार-झारखंड के जवानों ने दी शहादत
शहीदों में बिहार रेजीमेंट के कई जवान शामिल हैं, जिनमें भोजपुर के नायक हरे राम कुंवर का नाम भी है। हादसे के बाद सेना और पुलिस ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी शवों को बाहर निकाला।
पीएम मोदी ने जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि देश अपने वीर जवानों के बलिदान को कभी नहीं भूलेगा। व्हाइट नाइट कोर ने भी बयान जारी कर इसे दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताया और कहा कि खराब मौसम हादसे की बड़ी वजह रहा।