विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भोजपुर में खेलते-खेलते स्कॉर्पियो में बंद हुआ मासूम, दम घुटने से मौत

Published: Sat, 29 Aug 2026 08:04 PM (IST)

भोजपुर जिले के गड़हनी में सड़क किनारे खड़ी बंद स्कॉर्पियो में दम घुटने से छह साल के बच्चे कृष्णा कुमार की मौत हो गई।

बच्चे को अस्पताल ले जाते परिजन। (जागरण)

बच्चे को अस्पताल ले जाते परिजन। (जागरण)

HighLights

  1. भोजपुर के गड़हनी में बंद स्कॉर्पियो में बच्चे की मौत।

  2. छह वर्षीय कृष्णा कुमार दम घुटने से हुआ शिकार।

  3. सीसीटीवी फुटेज से घटना की जांच जारी।

जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले के गड़हनी थाना क्षेत्र के गड़हनी पेट्रोल पंप के समीप शनिवार की शाम सड़क किनारे खड़ी बंद स्कॉर्पियो में दम घुटने से एक बच्चे की मौत हो गई।

मृत बच्चे की पहचान पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र के महिनवां गांव निवासी दीपक कुमार के छह वर्षीय पुत्र कृष्णा कुमार के रूप में हुई है।

वह वर्तमान में परिवार के साथ गड़हनी बाजार स्थित किराए के मकान में रहता था। उसके पिता गड़हनी बाजार में समोसा और छोले की दुकान पर काम करते हैं।

मृत बच्चे के चाचा ने बताया कि कृष्णा शनिवार की सुबह करीब 11 बजे घर से निकला था। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर स्वजन उसकी खोजबीन करने लगे।

ara news (56)

आसपास के इलाकों में तलाश करने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसी क्रम में शाम करीब चार बजे स्वजन गड़हनी पेट्रोल पंप के समीप पहुंचे और वहां खड़ी स्कॉर्पियो के आसपास बच्चे की तलाश करने लगे।

इसी दौरान कुछ बच्चों ने स्कॉर्पियो के अंदर झांककर देखा तो कृष्णा उसमें बंद मिला। स्कॉर्पियो के सभी शीशे चढ़े हुए थे। इसके बाद स्वजन ने वाहन का गेट खोलकर उसे बाहर निकाला।

वह उस समय बेहोशी की हालत में था। इसके बाद स्वजन उसे आनन-फानन में आरा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

सीसीटीवी फुटेज से खुलेगा वाहन में पहुंचने का राज

बच्चे के चाचा ने आशंका जताई कि बंद स्कॉर्पियो में दम घुटने के कारण उसकी मौत हुई है। हालांकि, कृष्णा स्कॉर्पियो के अंदर कैसे पहुंचा और वाहन के शीशे किसने बंद किए, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।

गड़हनी थानाध्यक्ष कमलजीत ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात आ रही कि खुद बालक खेलते-खेलते स्कॉर्पियो के अंदर चला गया था। स्कॉर्पियो के दरवाजे का लॉक खराब था।

वैसे पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट होने की बात कही जा रही है। हादसे के बाद बच्चे के घर में कोहराम मच गया। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

यह भी पढ़ें- आरा के होटल में चल रहा था गंदा काम; घंटे के हिसाब से बुक होते थे कमरे, 15 युवक-युवतियां गिरफ्तार