Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    रेलवे का बड़ा फैसला! टिकट चेकिंग अब होगी कैमरे की निगरानी में, विवाद होने पर सामने आएगी पूरी सच्चाई

    Updated: Wed, 29 Jul 2026 11:39 AM (IST)

    दानापुर रेल मंडल में टिकट चेकिंग को पारदर्शी बनाने के लिए टीटीई अब बॉडी वॉर्न कैमरे पहनेंगे। यह व्यवस्था यात्रियों से कथित बदसलूकी और विवादों की निष्प ...और पढ़ें

    बॉडी वॉर्न कैमरे से लेस होंगे टीटीई।  सांकेत‍िक तस्‍वीर

    बॉडी वॉर्न कैमरे से लेस होंगे टीटीई। सांकेत‍िक तस्‍वीर

    HighLights

    1. टीटीई अब टिकट चेकिंग के दौरान बॉडी कैमरा पहनेंगे।

    2. कैमरा विवादों और यात्रियों से बदसलूकी को रिकॉर्ड करेगा।

    3. यह पहल टिकट चेकिंग में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाएगी।

    जागरण संवाददाता, आरा। रेलवे में टिकट चेकिंग व्यवस्था को और पारदर्शी बनाने की दिशा में दानापुर रेल मंडल महत्वपूर्ण कदम उठाने जा रहा है।

    अब ट्रेन में यात्रियों के टिकट की जांच करने वाले टीटीई ट्रैवलिंग टिकट एग्जामिनर के शरीर पर बॉडी वॉर्न कैमरा लगाया जाएगा।

    टिकट चेकिंग के दौरान होने वाली किसी भी घटना, विवाद या यात्री से कथित बदसलूकी की स्थिति में बॉडी वॉर्न कैमरा पूरी गतिविधि को रिकॉर्ड करेगा।

    टिकट जांच के दौरान बातचीत भी होगी रिकॉर्ड

    इस कैमरे में बातचीत भी रिकाॅर्ड होगी। इससे यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों के बीच होने वाले विवादों की वास्तविक स्थिति सामने लाने में मदद मिलेगी।

    दानापुर रेल मंडल में टीटीई को बॉडी कैमरा उपलब्ध कराने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की जा रही है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद टीटीई को चरणबद्ध तरीके से बॉडी कैमरा उपलब्ध कराया जाएगा।

    रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इसका उद्देश्य टिकट चेकिंग के दौरान होने वाली गतिविधियों को रिकॉर्ड करना और यात्रियों के साथ बेहतर व्यवहार सुनिश्चित करना है।

    टीटीई के व्‍यवहार को लेकर आती रहती हैं श‍िकायतें 

    विवाद की स्थिति में पूरा घटनाक्रम सामने आएगा। ट्रेन में टिकट जांच के दौरान कई बार जुर्माना वसूलने, टिकट नहीं होने या अन्य कारणों को लेकर यात्रियों और टीटीई के बीच बहस की स्थिति बन जाती है।

    कुछ मामलों में विवाद बढ़ने पर यात्री रेलवे के अधिकारियों से शिकायत करते हैं। वहीं, टीटीई भी यात्रियों के व्यवहार को लेकर शिकायत करते हैं। ऐसी स्थिति में दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे सामने आते हैं। 

    बॉडी कैमरा लगने के बाद घटनाक्रम का वीडियो रिकॉर्ड उपलब्ध रहेगा। इससे शिकायत की जांच में रेलवे अधिकारियों को वास्तविक स्थिति समझने में आसानी होगी। साथ ही अनावश्यक विवाद और आरोप प्रत्यारोप पर भी अंकुश लगने की उम्मीद है।

    रेलवे की छवि बेहतर रखने में मिलेगी मदद

    रेलवे लगातार यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक यात्रा अनुभव देने की दिशा में काम कर रहा है। टिकट चेकिंग के दौरान टीटीई का व्यवहार भी यात्रियों के अनुभव का महत्वपूर्ण हिस्सा होता है।

    ऐसे में बॉडी कैमरा व्यवस्था से टिकट जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ने की उम्मीद है। रेलवे का मानना है कि बॉडी कैमरा होने से टीटीई भी यात्रियों से बातचीत और टिकट जांच के दौरान निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने के प्रति अधिक सतर्क रहेंगे।

    वहीं यात्रियों को भी यह जानकारी रहेगी कि टिकट चेकिंग के दौरान होने वाली गतिविधियां रिकॉर्ड हो सकती हैं। इससे दोनों पक्षों के बीच अनावश्यक विवाद की स्थिति कम हो सकती है।

    जल्द टीटीई को उपलब्ध होगा कैमरा

    टीटीई को बॉडी कैमरा उपलब्ध कराने के लिए टेंडर प्रक्रिया अपनाई जा रही है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही टीटीई को बॉडी वॉर्न कैमरा उपलब्ध करा दिया जाएगा। इससे टिकट चेकिंग व्यवस्था को और पारदर्शी बनाने तथा यात्रियों एवं रेलवे कर्मचारियों के बीच होने वाली विवाद की घटनाओं की निगरानी में मदद मिलेगी।रेलवे की इस पहल से टिकट जांच के दौरान यात्रियों से होने वाले कथित दुर्व्यवहार पर रोक लगाने के साथ-साथ टीटीई के खिलाफ आने वाली शिकायतों की निष्पक्ष जांच में भी सहायता मिलने की उम्मीद है।आने वाले दिनों में बॉडी कैमरा रेलवे की टिकट चेकिंग व्यवस्था का अहम हिस्सा बन सकता है

    अभिनव सिद्धार्थ, वरीय वाणिज्य पदाधिकारी, दानापुर रेल मंडल

    खबरें और भी