आरा में गंगा ने पार किया खतरे का निशान, बड़हरा में तेजी से फैल रहा बाढ़ का पानी; मगरमच्छ दिखने से दहशत
बड़हरा प्रखंड में गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ ...और पढ़ें

आरा के बड़हरा में जलमग्न सड़क से गुजरते लोग।
संवाद सूत्र, बड़हरा (आरा)। गंगा नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि के बाद शुक्रवार की सुबह छह बजे बड़हरा प्रखंड में गंगा नदी खतरे के निशान 55.08 के स्तर को पार कर गई।
इसके साथ ही प्रखंड के निचले और मैदानी इलाकों में बाढ़ का पानी तेजी से फैलने लगा है। कई संपर्क पथों पर पानी चढ़ जाने से ग्रामीणों के आवागमन पर भी असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है।
बाढ़ का पानी नेकनाम टोला संपर्क पथ, सिरसिया गांव के संपर्क पथ और बखोरापुर फरना पथ पर चढ़ गया है। इन मार्गों पर पानी बढ़ने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
गंगा के बढ़ते जलस्तर से किसानों की चिंता बढ़ा दी है। निचले इलाकों में लगी मक्का, सब्जी समेत अन्य फसलों के जलमग्न होने से नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
ग्रामीण नन्हक राय ने बताया कि जलस्तर में वृद्धि का सिलसिला जारी रहा तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।

(बाढ़ के पानी में दिख रहा मगरमच्छ।)
बाढ़ के पानी में मगरमच्छ दिखने से ग्रामीणों में दहशत
जिले के बड़हरा प्रखंड में गंगा के बढ़ते जलस्तर के साथ बाढ़ का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। निचले इलाकों में बाढ़ का पानी फैलने के बीच अब पानी में मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया है।
शुक्रवार की सुबह बड़हरा गांव के समीप बाढ़ के पानी में किसानों ने एक मगरमच्छ को देखा। इस दौरान किसानों ने मगरमच्छ का वीडियो भी बनाया।
वीडियो में मगरमच्छ बाढ़ के पानी में किसी पक्षी अथवा मछली का शिकार करता हुआ दिखाई दे रहा है। मगरमच्छ के दिखाई देने के बाद आसपास के ग्रामीणों में दहशत बढ़ गई है। विस सुत्री अध्यक्ष शुभम पांडेय ने बताया कि बाढ़ के पानी के साथ नदी से मगरमच्छ के आने की आशंका है।
