सावन में भोलेनाथ के जलाभिषेक की टेंशन खत्म, बिहार के पोस्टऑफिस में मिलेगा गंगोत्री और हरिद्वार का गंगाजल
डाक विभाग ने सावन में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आरा के सभी डाकघरों में गंगोत्री और हरिद्वार का गंगाजल उपलब्ध कराना शुरू कर दिया है। ...और पढ़ें

200 और 500 एमएल की बोतल में उपलब्ध गंगाजल
HighLights
आरा के सभी डाकघरों में गंगाजल की बिक्री शुरू।
गंगोत्री और हरिद्वार का गंगाजल उपलब्ध कराया जा रहा।
सावन में भोलेनाथ के जलाभिषेक हेतु श्रद्धालुओं को सुविधा।
जागरण संवाददाता, आरा(भोजपुर)। सावन में भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए गंगाजल की जरूरत रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है। अब गंगोत्री या हरिद्वार जाकर गंगाजल लाने की जरूरत नहीं होगी।
डाक विभाग ने आरा के मुख्य डाकघर समेत जिले के सभी डाकघरों में गंगाजल की बिक्री शुरू कर दी है। सावन को देखते हुए इसकी मांग भी बढ़ने लगी है।
200 और 500 एमएल की बोतल में उपलब्ध गंगाजल
डाकघर में गंगोत्री और हरिद्वार का गंगाजल 200 और 500 मिलीलीटर की पैकिंग में उपलब्ध कराया जा रहा है।
अधिकारियों के अनुसार, 200 एमएल की बोतल की कीमत 30 रुपये निर्धारित की गई है। डाक से मंगाने पर इसकी कीमत 60 रुपये रखी गई है। श्रद्धालु अपनी जरूरत के अनुसार डाकघर से गंगाजल खरीद सकते हैं।
सावन शुरू होने से पहले बढ़ी गंगाजल की मांग
डाक पाल यशवंत सिंह ने बताया कि सावन के महीने में गंगाजल की मांग काफी बढ़ जाती है। भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए श्रद्धालु गंगाजल का इस्तेमाल करते हैं।
इसी को देखते हुए डाक विभाग की ओर से पर्याप्त मात्रा में गंगाजल उपलब्ध कराया जा रहा है। बिक्री केंद्रों पर इसकी उपलब्धता बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।
जिले के 100 डाकघरों में श्रद्धालुओं को मिलेगा गंगाजल
अधिकारियों के अनुसार, आरा जिले में शहरी क्षेत्र की करीब 30 शाखाओं और ग्रामीण क्षेत्र की 70 उपशाखाओं समेत सभी डाकघरों में गंगाजल की बिक्री की जा रही है।
इससे ग्रामीण इलाकों के श्रद्धालुओं को भी आसानी से गंगाजल उपलब्ध हो सकेगा। डाक विभाग ने लोगों की जानकारी के लिए डाकघरों में गंगाजल बिक्री से संबंधित सूचना भी चस्पा की है।
गंगोत्री से हरिद्वार तक, आस्था के जल की डाकघर में उपलब्धता
गंगोत्री को गंगा नदी का उद्गम स्थल माना जाता है, इसलिए वहां के गंगाजल का धार्मिक महत्व अधिक माना जाता है।
वहीं हरिद्वार में भी श्रद्धालुओं के लिए गंगाजल उपलब्ध है। डाक विभाग के अनुसार दोनों स्थानों का गंगाजल श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराया जा रहा है और इसकी मांग लगातार बनी हुई है।
सावन में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं को मिलेगी सुविधा
डाक अधीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि गंगाजल की मांग अच्छी है और बिक्री लगातार बढ़ रही है।
सप्लाई बनी रहने पर श्रद्धालुओं को आसानी से गंगाजल उपलब्ध कराया जाएगा। सावन में शिवालयों में जलाभिषेक करने वाले श्रद्धालुओं के लिए डाक विभाग की यह सुविधा काफी उपयोगी साबित हो सकती है।