भरत तिवारी एनकाउंटर में एक्शन, विवादों में घिरे जगदीशपुर SDO संजीत कुमार हटाए गए
भोजपुर के जगदीशपुर एसडीओ संजीत कुमार को भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर प्रकरण के बाद पद से हटा दिया गया है। ...और पढ़ें
-1784912900881_m.webp)
भरत तिवारी एनकाउंटर।
HighLights
जगदीशपुर एसडीओ संजीत कुमार को पद से हटाया गया।
यह कार्रवाई भरत तिवारी एनकाउंटर प्रकरण से जुड़ी है।
पूर्व एसडीपीओ राजेश कुमार शर्मा भी हटाए गए।
जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में 17 जून को हुए भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर प्रकरण के बाद विवादों आए भोजपुर के जगदीशपुर एसडीओ संजीत कुमार को राज्य सरकार ने उनके पद से हटा दिया है।
राज्य सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने शुक्रवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी की है। हालांकि अधिसूचना में वजह का उल्लेख नहीं किया गया है।
इसके पूर्व जगदीशपुर के तत्कालीन एसडीपीओ राजेश कुमार शर्मा को पुलिस मुख्यालय क्लोज किया गया था। बाद में मद्य निषेध स्वापक नियंत्रण ब्यूरो में डीएसपी के पद पर तैनाती की गई थी।
शुक्रवार को जारी आदेश में उन्हें भी पद से हटा कर पुलिस मुख्यालय में पदस्थापना की प्रतीक्षा में भेज दिया गया। इधर, जारी अधिसूचना के अनुसार, बिहार प्रशासनिक सेवा के उप सचिव स्तर के अधिकारी संजीत कुमार को जगदीशपुर एसडीओ के पद से मुक्त करते हुए सामान्य प्रशासन विभाग, पटना में योगदान देने का निर्देश दिया गया है।
पूरे बिहार में चर्चा में था एनकाउंटर
गौरतलब है कि शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में हुई कथित पुलिस मुठभेड़ में भारत भूषण तिवारी की मौत के बाद यह मामला पूरे बिहार में चर्चा का विषय बना गया था। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठे थे।
मामले में न्यायिक जांच आयोग का गठन किया गया है। गवाही के दौरान भरत भूषण तिवारी के स्वजन ने एसडीओ संजीत कुमार की भूमिका पर सवाल उठाया था।
इसी बीच राज्य सरकार द्वारा जगदीशपुर एसडीओ संजीत कुमार को हटाने के आदेश को भरत तिवारी प्रकरण के संदर्भ में महत्वपूर्ण प्रशासनिक कदम माना जा रहा है।
हालांकि, अधिसूचना में उनके स्थानांतरण या पद से हटाने का कोई कारण उल्लेखित नहीं किया गया है। उनके स्थान पर नए एसडीओ की नियुक्ति को लेकर अलग से आदेश जारी होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें- भरत तिवारी एनकाउंटर केस: न्यायिक आयोग सख्त, DM-SP से तलब की FSL और पोस्टमार्टम रिपोर्ट