Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    चाय की तलब पड़ी भारी: भोजपुर में ट्रक की चपेट में आया युवक, घटनास्‍थल पर ही तोड़ा दम

    Updated: Fri, 31 Jul 2026 10:55 AM (IST)

    भोजपुर के पीरो में शुक्रवार तड़के चाय पीने जा रहे एक युवक की अज्ञात ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दानापुर-पीडीडीयू रेलखंड पर ट्र ...और पढ़ें

    व‍िलाप करते परिवार के सदस्‍य और प्रेमचंद साह की फाइल फोटो।

    व‍िलाप करते परिवार के सदस्‍य और प्रेमचंद साह की फाइल फोटो।

    जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले के पीरो थाना क्षेत्र में शुक्रवार की तड़के सड़क पार कर रहे एक युवक की अज्ञात ट्रक की चपेट में आने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

    हादसा आरा-सासाराम स्टेट हाईवे पर पीरो अनुसूचित जाति टोला के समीप हुई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।

    मृतक की पहचान पीरो थाना क्षेत्र के नगर पंचायत इब्राहिमपुर वार्ड संख्या-25 निवासी अमावस साह के 40 वर्षीय पुत्र प्रेमचंद्र साह उर्फ पोतन के रूप में हुई है।

    चाय पीने जाते समय हादसा 

    स्वजन के अनुसार, शुक्रवार की तड़के करीब तीन बजे नींद खुलने के बाद प्रेमचंद्र साह चाय पीने के लिए पीरो बाजार जा रहे थे।

    इसी दौरान अनुसूचित जाति टोला के समीप सड़क पार करते समय तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उन्हें रौंद दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

    चालक वाहन लेकर फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया।  

    प्रेमचंद्र साह दो भाइयों और तीन बहनों में दूसरे स्थान पर थे। उनके परिवार में मां कौशल्या देवी, पत्नी ज्ञानती देवी तथा चार वर्षीय पुत्र ओम कुमार हैं। 

    ट्रेन से ग‍िरकर युवक की मौत 

    दानापुर-पीडीडीयू रेलखंड पर कोईलवर एवं कुल्हड़िया स्टेशन के बीच ट्रेन से गिरकर असम निवासी एक युवक की मौत हो गई।

    सूचना मिलने पर रेल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आरा रेल थाना लाई। बाद में शव का पोस्टमार्टम आरा सदर अस्पताल में कराया गया।

    मृतक की पहचान असम के तामूलपुर जिले के कमूलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चंदनपुर गांव निवासी स्व. नागेंद्र दास के पुत्र निरंजन दास के रूप में हुई है।

    दूरभाष पर हुई बातचीत में स्वजन ने बताया कि निरंजन दास मंगलवार को घर से ट्रेन से मुंबई जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान कोईलवर एवं कुल्हड़िया स्टेशन के बीच चलती ट्रेन से गिरने के कारण उनकी मौत हो गई।

    घटना की सूचना मिलने पर रेल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आरा रेल थाना पहुंचाया तथा परिजनों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद गुरुवार को स्वजन आरा रेल थाना पहुंचे।

    इसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराया। पोस्टमार्टम के उपरांत स्वजन शव को अंतिम संस्कार के लिए अपने साथ असम ले गए। पत्नी सहित अन्य स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।