100 से अधिक गाड़ियों का काफिला लेकर निकले अनंत सिंह, भोजपुर के बिहिया में JCB से हुई फूलों की बारिश
मोकामा विधायक अनंत सिंह का पटना से प्रयागराज जाते समय भोजपुर के बिहिया में समर्थकों ने भव्य स्वागत किया, जहां ...और पढ़ें

बिहिया से गुजरता अनंत सिंह का काफिला। वीडियो ग्रैब
संवाद सूत्र, बिहिया (आरा)। मोकामा के विधायक अनंत सिंह का शुक्रवार को भोजपुर जिले के बिहिया क्षेत्र में समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया।
पटना से उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जा रहे अनंत सिंह के काफिले के स्वागत के लिए अमराई नवादा और दोघरा गांव के समीप बड़ी संख्या में समर्थक जुटे थे।
इस दौरान फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया गया। जेसीबी मशीन के जरिए भी उन पर फूलों की वर्षा की गई।अनंत सिंह का काफिला जैसे ही दोघरा गांव के समीप पहुंचा, समर्थकों ने उन्हें रोकने का आग्रह किया।
एक सौ से अधिक गाड़ियों का काफिला
इसके बाद वे कुछ देर के लिए अपने वाहन से नीचे उतरे और लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान समर्थकों में खासा उत्साह दिखा। उनके स्वागत के लिए सड़क किनारे लोगों की भीड़ जुटी रही।
बताया गया कि पटना से प्रयागराज जा रहे अनंत सिंह के काफिले में 100 से अधिक गाड़ियां शामिल हैं। वे एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रयागराज जा रहे थे।
स्वागत कार्यक्रम में मुना राय, मुना उर्फ अमित शर्मा, मोनू राय, अनीस राय, नागा ठाकुर, हरिकिशुन राय, तनय राय और रमेश कुमार सुदामा सहित सैकड़ों समर्थक मौजूद थे।
चार दिसंबर से पहले बेटी की शादी की तैयारी
इधर, अनंत सिंह चार दिसंबर को सरेंडर करने से पहले अपनी बेटी की शादी करने वाले हैं। शादी समारोह को लेकर तैयारियां तेजी से चल रही हैं।
इसके लिए भव्य पंडाल बनाया जा रहा है। समारोह में शामिल होने के लिए कई फिल्मी हस्तियों और सेलिब्रिटियों को भी निमंत्रण भेजा गया है।
वहीं, अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता रद करने से संबंधित नोटिस भी जारी किया गया है। इस पर उन्होंने कहा है कि बेटी की शादी की जिम्मेदारी पूरी करने के बाद वे नोटिस का जवाब देंगे।
यह भी पढ़ें- अनंत सिंह की बेटी की शादी में किसकी नो एंट्री? 'छोटे सरकार' बोले- लालू और तेजस्वी को भी न्योता देने जाएंगे