भोजपुर के उदवंतनगर में बनेगा नया व्यवहार न्यायालय, 15 एकड़ भूमि चिह्नित
उदवंतनगर के असनी गांव में 15 एकड़ भूमि पर नए व्यवहार न्यायालय के निर्माण की प्रक्रिया तेज हो गई है। ...और पढ़ें

जमीन का हुआ चयन। (जागरण)
HighLights
असनी में 15 एकड़ भूमि पर बनेगा नया व्यवहार न्यायालय।
बढ़ते मामलों और जगह की कमी के कारण लिया गया निर्णय।
स्थानीय लोगों को आसानी से मिलेगी न्यायिक सुविधा।
संवाद सूत्र, उदवंंतनगर (आरा)। व्यवहार न्यायालय में बढ़ते मामले, त्वरित न्याय, वर्तमान न्यायालय परिसर में विस्तार हेतु जगह की अभाव एवं शहर की भीड़ भाड़ से निजात पाने के उद्देश्य से व्यवहार न्यायालय को अन्यत्र शिफ्ट करने की प्रक्रिया तेज हो गई है।
प्रस्तावित निर्माण को लेकर जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया व व्यवहार न्यायालय के न्यायाधीश गत अप्रैल माह में संयुक्त रूप से उदवंतनगर प्रखंड के असनी गांव स्थित चिह्नित स्थल का निरीक्षण कर अंचलाधिकारी से जांच प्रतिवेदन समर्पित करने को कहा था।
जिलाधिकारी के आदेश का अनुपालन करते हुए अंचल कार्यालय ने व्यवहार न्यायालय आरा, एवं न्यायालय कक्षों तथा आवासीय भवन निर्माण हेतु अंचल उदवंंतनगर मौजा असनी थाना सं 347 में रकबा 15 एकड़ भूमि का जांच प्रतिवेदन जिलाधिकारी के माध्यम से हाईकोर्ट पटना को समर्पित किया है।
अंचलाधिकारी हरिकेश त्रिपाठी ने बताया कि व्यवहार न्यायालय,आरा, न्यायालय कक्षों तथा आवासीय निर्माण हेतु 15 एकड़ भूमि की जरूरत बताई जा रही है।
आसानी से मिलेगी न्यायिक सुविधा
व्यवहार न्यायालय के बनने से इलाके के लोगों को न्यायिक सुविधा आसानी से मिल सकेगा तथा भीड़ भाड़ से निजात मिल सकेगा। एन एच के नजदीक होने से लोगों को आने-जाने में सहूलियतें होगीं।
प्रस्तावित व्यवहार न्यायालय के निर्माण हेतु भूमि चयन में जिला प्रशासन सक्रिय है। गत अप्रैल महीना में जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया व व्यवहार न्यायालय के न्यायाधीश द्वारा उदवंतनगर के असनी गांव में प्रस्तावित निर्माण की चयनित भूमि का निरीक्षण किया था तथा राजस्व कर्मचारी से जांच प्रतिवेदन समर्पित करने को कहा था।
राजस्व कर्मचारी की जांच रिपोर्ट के अनुसार प्रस्तावित भूमि सड़क मार्ग एन एच 119 ए से सुगम रूप से कनेक्ट है। साथ ही यह जमीन वर्तमान सिविल न्यायालय से लगभग 10 किलोमीटर की दूरी पर है। प्रस्तावित भूमि समतल है और विवाद रहित है।