Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में पावर स्‍टार पवन सिंह की एंट्री; बोले-न्याय होता हुआ भी दिखना चाहिए

    Updated: Sun, 21 Jun 2026 12:29 PM (GMT+05:30)

    भोजपुरी पावर स्टार पवन सिंह ने भरत भूषण तिवारी के कथित मुठभेड़ मामले में उच्चस्तरीय, निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि भरत तिवारी गरीबों और ...और पढ़ें

    भरत त‍िवारी मामले की उच्‍चस्‍तरीय जांच की पवन स‍िंह ने की मांग।

    भरत त‍िवारी मामले की उच्‍चस्‍तरीय जांच की पवन स‍िंह ने की मांग।

    HighLights

    1. पवन सिंह ने भरत तिवारी मुठभेड़ पर उच्चस्तरीय जांच मांगी।

    2. भरत तिवारी गरीबों और वंचितों के लिए आवाज उठाते थे।

    3. पवन सिंह जल्द ही पीड़ित परिवार से मिलकर संवेदना जताएंगे।

    जागरण संवाददाता, आरा। शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव निवासी भरत भूषण तिवारी के कथित मुठभेड़ मामले में भोजपुरी पावर स्टार एवं बिहार विधान परिषद सदस्य पवन सिंह की भी एंट्री हो गई है।

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म 'एक्स' पर पोस्ट कर घटना पर गहरा दुख जताते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय, निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराने की मांग की है।

    पवन सिंह ने अपने पोस्ट में लिखा कि भरत  केवल इतना चाहते थे कि जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी जनता की समस्याओं का समाधान करें तथा गरीब, वंचित और बाढ़ पीड़ित परिवारों को उनके अधिकारों से वंचित न रखा जाए।

    गरीबों, दलितों के लिए उठाई थी आवाज

    उन्होंने भरत तिवारी को समाज के लिए संघर्ष करने वाला जागरूक एवं संवेदनशील व्यक्ति बताते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा गरीबों, असहायों, दलितों और जरूरतमंद लोगों की आवाज उठाई थी।

    पोस्ट में उन्होंने उल्लेख किया कि कोरोना महामारी, बाढ़ और अन्य आपदाओं के दौरान भरत तिवारी ने अपनी क्षमता से बढ़कर समाज सेवा की थी।

    उनके कई ऐसे उदाहरण हैं, जिनमें वे प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और समाज के लोगों के साथ मिलकर जनहित के कार्य करते दिखाई देते हैं।

    पवन सिंह ने कहा कि भरत तिवारी की मृत्यु की घटना ने पूरे समाज को झकझोर दिया है और इस मामले को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।

    पीड़‍ित परिवार से मि‍लकर जताएंगे संवेदना

    यदि विभिन्न माध्यमों से प्रसारित जानकारी और वीडियो में दिखाई गई परिस्थितियां सही हैं तो पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष, पारदर्शी और न्यायसंगत जांच कराई जानी चाहिए, ताकि सच्चाई जनता के सामने आ सके।

    उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक को न्याय पाने का अधिकार है और कानून का शासन तभी मजबूत माना जाता है जब हर मामले की निष्पक्ष जांच हो तथा दोषी चाहे कोई भी हो, उसके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाए।

    उन्होंने बिहार सरकार और संबंधित उच्च अधिकारियों से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि न्याय केवल होना ही नहीं चाहिए, बल्कि होता हुआ भी दिखाई देना चाहिए।

    पवन सिंह ने भरत भूषण तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि वह जल्द ही पीड़ित परिवार से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त करेंगे तथा निष्पक्ष जांच की मांग को मजबूती से उठाएंगे।

    यह भी पढ़ें- भरत तिवारी और पुलिस के बीच पुरानी अदावत? एनकाउंटर के बाद वायरल वीडियो से बढ़ी चर्चा