सुलह या 10 करोड़? आरा फैमिली कोर्ट में भावुक हुईं ज्योति सिंह, पवन सिंह की गैरहाजिरी से बढ़ा तनाव
आरा सिविल कोर्ट में भोजपुरी स्टार पवन सिंह और ज्योति सिंह के तलाक मामले में नया मोड़ आया। ज्योति सिंह कोर्ट में भावुक होकर पति के साथ रहने या 10 करोड़ ...और पढ़ें

ज्योति सिंह कोर्ट में पेश

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, आरा(भोजपुर)। आरा सिविल कोर्ट स्थित कुटुंब न्यायालय में बुधवार को भोजपुरी स्टार पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के तलाक मामले ने नया मोड़ ले लिया। सुलह (रिकॉन्सिलिएशन) की प्रक्रिया के बीच ज्योति सिंह कोर्ट में भावुक हो गईं और खुले तौर पर कहा कि वह पति के साथ रहना चाहती हैं। हालांकि, पवन सिंह की गैरहाजिरी ने पूरे घटनाक्रम को और संवेदनशील बना दिया।
‘मुझे पति का साथ चाहिए’, कोर्ट में भावुक अपील
ज्योति सिंह ने जज के सामने कहा कि शादी को सात साल हो चुके हैं, लेकिन उन्हें न तो पति का साथ मिला और न ही भरण-पोषण। उन्होंने कहा कि हर तारीख पर वे खुद उपस्थित होती हैं, जबकि उनके पति अक्सर अनुपस्थित रहते हैं। कोर्ट परिसर में उन्होंने कहा कि वह सुलह चाहती हैं, लेकिन अगर साथ नहीं रखना है तो 10 करोड़ रुपए मेंटेनेंस दिया जाए। यह कहते हुए वह फूट-फूटकर रो पड़ीं।
पवन सिंह की गैरहाजिरी, बीमारी का हवाला
सुनवाई के लिए दोनों पक्षों को बुलाया गया था, लेकिन पवन सिंह कोर्ट नहीं पहुंचे। उनके वकील की ओर से जानकारी दी गई कि उनका ब्लड प्रेशर बढ़ गया है और वे अस्पताल में भर्ती हैं। वीडियो कॉल के जरिए उन्हें अस्पताल के बेड पर दिखाया गया। हालांकि किस अस्पताल में भर्ती हैं, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। इस पर ज्योति पक्ष ने सवाल भी उठाए।
मेंटेनेंस और खर्च पर टली बहस
ज्योति सिंह के वकील विष्णुधर पांडेय ने कहा कि पिछले 4-5 सालों से उनकी मुवक्किल को कोई नियमित भरण-पोषण नहीं मिला है। इंटरिम मेंटेनेंस की अर्जी भी लंबित है। जज ने स्पष्ट किया कि पहले सुलह की संभावना पर विचार किया जाएगा, उसके बाद मेंटेनेंस और अन्य मांगों पर निर्णय होगा। अगली सुनवाई 24 फरवरी को तय की गई है।
खबरें और भी
व्यक्तिगत जीवन पर सार्वजनिक असर
ज्योति सिंह ने कोर्ट में कहा कि वह पवन सिंह की पत्नी के रूप में पहचानी जाती हैं, जिससे सामान्य जीवन जीना मुश्किल हो गया है। कहीं नौकरी करने जाती हैं तो भीड़ जुट जाती है। उन्होंने कहा कि इस स्थिति में वह न आगे बढ़ पा रही हैं और न ही स्वतंत्र जीवन जी पा रही हैं। उनका कहना है कि मानसिक रूप से वह बेहद थक चुकी हैं।
आरोपों की लंबी सूची
ज्योति सिंह ने पहले भी अपने पति पर मारपीट, गाली-गलौज और प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उनके साथ दुर्व्यवहार हुआ और दो बार गर्भपात कराया गया। आवेदन के अनुसार, शादी के कुछ ही महीनों बाद वह मायके बलिया में रहने लगीं। मामला फिलहाल सुलह और तलाक के बीच झूल रहा है।
पवन सिंह की वैवाहिक पृष्ठभूमि भी चर्चा में
पवन सिंह की पहली पत्नी नीलम सिंह ने 2015 में आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद 2018 में उन्होंने ज्योति सिंह से शादी की थी। हालांकि दूसरी शादी भी विवादों में घिर गई। अब अदालत यह तय करेगी कि क्या दोनों के बीच समझौता संभव है या फिर तलाक की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
24 फरवरी अहम, क्या होगा फैसला?
अदालत ने संकेत दिया है कि अगली तारीख पर दोनों पक्षों से सीधे बातचीत की जाएगी। अगर सुलह की संभावना नहीं बनती है, तो तलाक की प्रक्रिया तेज हो सकती है। माना जा रहा है कि अगले कुछ महीनों में इस हाई-प्रोफाइल मामले में कोई ठोस दिशा तय हो सकती है। फिलहाल, यह मामला सिर्फ कानूनी लड़ाई नहीं, बल्कि भावनात्मक और सामाजिक दबाव की कहानी भी बन चुका है।