Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 17, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Bihar Crime News : घर के आंगन में दफनाई दामाद की लाश, राज छिपाने के लिए पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर किया ये काम

    By Deepak SinghEdited By: Yogesh Sahu
    Updated: Tue, 17 Oct 2023 09:06 PM (IST)

    बिहार के भोजपुर जिले से खौफनाक वारदात सामने आई है। आरोप है कि अपने ससुराल गए एक शख्स की हत्या करके उसके शव को घर के आंगन में ही दफना दिया गया। सूचना म ...और पढ़ें

    ससुराल गए दामाद की हत्या कर शव को आंगन में दफनाया
    ससुराल गए दामाद की हत्या कर शव को आंगन में दफनाया

    HighLights

    1. मृतक की पत्नी पर प्रेमी संग मिलकर हत्या करने का आरोप
    2. गर्दन और शरीर पर मिले जख्म, हिरासत में ली गई पत्नी से पूछताछ

    जागरण संवाददाता, आरा। Bihar Crime News : बिहार के भोजपुर जिले से दिल दहलाने वाली वारदात सामने आई है। यहां ससुराल गए एक शख्स की हत्या करने के बाद ससुरालियों ने उसके शव को घर के आंगन में ही दफना दिया। पुलिस ने मंगलवार को शव बरामद किया है। मृतक की गर्दन पर जख्म के निशान मिले हैं।

    जानकारी के अनुसार, जिले के तरारी थाना क्षेत्र के इटिम्हा गांव में सोमवार रात यह वारदात हुई। यहां ससुराल आए दामाद की हत्या कर दी गई। इसके साथ ही साक्ष्य मिटाने के लिए शव को घर के आंगन में ही दफना दिया।

    मृतक 24 वर्षीय मिथुन गिरि अगिआंव बाजार थाना क्षेत्र के तार गांव निवासी कमलेश गिरि उर्फ भिखारी गिरि का पुत्र था। वह ट्रक चलाता था। मृतक की गर्दन पर जख्म के अलावा कान-नाक से खून बहने और पूरे शरीर पर लाल रंग के धब्बे के निशान मिले हैं।

    मृतक के पिता ने बहू, उसके कथित प्रेमी और साले सहित चार लोगों पर अवैध संबंध का विरोध करने पर हत्या कर शव को आंगन में दफनाने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस मृतक की पत्नी से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच कर रही है।

    खबरें और भी

    पुलिस ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में मृतक की पत्नी ने घर के आंगन में शव दफनाने की बात स्वीकारी है, लेकिन हत्या करने की बात से इनकार किया है। मिथुन गिरि चार दिन पहले अपने ससुराल तरारी के इटिम्हा गांव आया था।

    उसकी पत्नी नेहा देवी पहले से ही मायके में थी। मृतक के पिता का आरोप है कि बहू नेहा का उसके ही गांव के कंपाउंडर बबलू से शादी से पहले से अवैध संबंध था। इसका विरोध मिथुन करता था।

    आरोप है कि इस बीच बहू नेहा ने अपने प्रेमी बबलू, भाई दीपक एवं मां बिंदा देवी के साथ मिलकर मिथुन की हत्या कर दी। इसके बाद उसके शव को अपने घर के ही आंगन में जमीन खोदकर दफना दिया। मंगलवार को सूचना मिलते ही तरारी थानाध्यक्ष प्रदीप भास्कर घटनास्थल पर पहुंचे और आंगन से शव बरामद किया।

    पूछताछ में बोली पत्नी, पति ने खुद लगा ली फांसी

    तरारी थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार भास्कर ने बताया कि मृतक की पत्नी नेहा देवी ने पूछताछ में बताया है कि सोमवार शाम खाना बनाने को लेकर दोनों पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था। इसके बाद उसके पति मिथुन गिरि ने कमरे में जाकर दरवाजा बंद कर अपने गले में साड़ी बांधकर छत की कुंडी से फांसी लगा ली।

    इसके बाद उसने अपने गांव के ही कंपाउंडर बबलू पासवान को बुलाया। मृतक की पत्नी ने बताया कि इसके बाद उनके कहने पर दोनों ने मिलकर शव को घर के आंगन में ही जमीन खोदकर दफना दिया।

    यह भी पढ़ें : Bihar Govt Job Salary: नीतीश सरकार की बड़ी घोषणा, बिहार के सरकारी कर्मियों को इस त्‍योहार से पहले मिलेगी सैलरी

    मृतक अपने तीन भाई और दो बहन में दूसरे स्थान पर था। मृतक के परिवार में मां इंदु देवी, दो बहन अंजनी कुमारी, रंजना कुमारी व दो भाई कृष्णा गिरि एवं ऋषिकांत गिरि हैं।

    छह माह पूर्व हुई थी शादी

    मृतक के पिता कमलेश गिरि उर्फ भिखारी गिरि ने बताया कि उनका पुत्र मिथुन हरियाणा के गुरुग्राम में रहकर ट्रक चलाता था और उसकी पत्नी नेहा देवी हिमाचल के शिमला में अपने जीजा के साथ रहती थी।

    इस दौरान उसके जीजा द्वारा उसे गुरुग्राम से शिमला बुलाकर दोनों की शादी करा दी गई थी। दोनों की कोर्ट मैरिज हुई थी। पहले से रिश्तेदारी में होने के कारण दोनों एक-दूसरे से परिचित थे।

    यह भी पढ़ें : Saran News: किराना दुकान का ताला तोड़कर लाखों का सामान ले भागे चोर, काजू-किशमिश और तेल-साबुन तक कर दिया साफ

    जहां दफनाया पति का शव वहां लगा दिया फूल का पौधा

    तरारी थाना पुलिस जब इटिम्हा गांव स्थित मृतक के ससुराल पहुंची तो आंगन में जहां पर शव दफनाया गया था, वहां पर फूल का पौधा लगा हुआ था। किसी को शक नहीं हो, इसके लिए ऐसा किया गया था। पिता का आरोप है कि दो माह पूर्व जब मिथुन अपनी पत्नी के साथ ससुराल गया था, उस समय भी आरोपियों ने उसे मारने का प्रयास किया था।

    मृतक के स्वजन की ओर से अभी लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। यह आत्महत्या है या हत्या, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। मृतक की पत्नी एवं साली से पूछताछ चल रही है। आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जाएगी। -प्रदीप कुमार भास्कर, तरारी थानाध्यक्ष