बक्सर के डुमरांव नगर परिषद में होल्डिंग टैक्स घोटाले का आरोप, पार्षदों के ब्योरे सार्वजनिक करने की मांग
डुमरांव नगर परिषद में वार्ड पार्षदों के होल्डिंग टैक्स और बकाया रहित प्रमाण पत्र को लेकर विवाद गहरा गया है। ...और पढ़ें

नगर परिषद डुमरांव। (जागरण)
HighLights
डुमरांव नगर परिषद में होल्डिंग टैक्स विवाद गहराया।
पूर्व पार्षद ने जनप्रतिनिधियों पर संपत्ति छिपाने का आरोप लगाया।
बकाया रहित प्रमाण पत्रों का ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग।
संवाद सहयोगी, डुमरांव (बक्सर)। नगर परिषद डुमरांव में होल्डिंग टैक्स और बकाया रहित प्रमाण पत्र को लेकर विवाद गहराता जा रहा है।
पूर्व वार्ड पार्षद सुनील तिवारी द्वारा महीनों पहले दायर आवेदन पर अब तक कोई जवाब नहीं मिलने से नगर परिषद की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं। उनका आरोप है कि आवेदन को जानबूझकर दबा दिया गया है।
सुनील तिवारी ने वर्ष 2023 में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को जारी किए गए बकाया रहित प्रमाण पत्रों की पूरी जानकारी मांगी थी।
उनका आरोप है कि नगर परिषद के सभी 35 वार्ड पार्षदों को अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी किया गया, लेकिन इनमें से कई जनप्रतिनिधियों द्वारा वास्तविक संपत्ति छिपाकर कम होल्डिंग टैक्स जमा किया गया। इससे नगर परिषद को बड़े पैमाने पर राजस्व का नुकसान उठाना पड़ रहा है।
ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग
आवेदन में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के नाम, होल्डिंग नंबर, वार्ड संख्या, मकान और खाली जमीन का रकबा (वर्ग फीट में) तथा वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 में जमा संपत्ति कर का पूरा ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग की गई है।
आवेदक का कहना है कि यदि इन आंकड़ों की निष्पक्ष जांच होती है, तो कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आ सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले मुख्य पार्षद सुनीता गुप्ता को गलत होल्डिंग टैक्स जमा करने की शिकायत सही पाए जाने के बाद अपनी कुर्सी गंवानी पड़ी थी।
ऐसे में यह मामला राजनीतिक हलकों में भी चर्चा का विषय बन गया है। नगर परिषद के स्वच्छता पदाधिकारी राजीव रंजन ने कहा कि संबंधित जानकारी सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत प्राप्त की जा सकती है।
यह भी पढ़ें- MLC उपचुनाव में वोट के लिए नोट का खेल, भोजपुर-बक्सर में प्रमाण पत्रों की खरीद-फरोख्त से हड़कंप