Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    18 करोड़ से बनेगा बक्‍सर का यह 4 KM लंबा बाईपास; जाम की समस्‍या से म‍िलेगी राहत

    Updated: Tue, 21 Jul 2026 03:44 PM (IST)

    बक्सर के धनसोई बाजार में वर्षों से चली आ रही यातायात जाम की समस्या से निजात के लिए 18 करोड़ रुपये की लागत से 4 किलोमीटर लंबा बाईपास बनेगा। सड़क निर्मा ...और पढ़ें

    धनसोई बाजार में जाम की समस्‍या होगी दूर। फाइल

    धनसोई बाजार में जाम की समस्‍या होगी दूर। फाइल

    HighLights

    1. धनसोई बाजार में 4 KM लंबा बाईपास बनेगा।

    2. परियोजना पर लगभग 18 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

    3. टेंडर प्रक्रिया पूरी, निर्माण एजेंसी को निर्देश जारी।

    जागरण संवाददाता, बक्सर। जिले के धनसोई बाजार में वर्षों से लोगों के लिए सिरदर्द बने यातायात जाम से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है।

    धनसोई बाजार के पूर्वी हिस्से में प्रस्तावित बाईपास सड़क निर्माण परियोजना अब धरातल पर उतरने की ओर बढ़ गई है। सड़क निर्माण विभाग ने परियोजना के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है।

    चयनित निर्माण एजेंसी को कार्य शुरू करने का निर्देश भी जारी कर दिया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि शेष औपचारिकताएं पूरी होते ही निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।

    जमीन के लिए अलग से आवंटित होगी राश‍ि 

    करीब चार किलोमीटर लंबी इस बाईपास सड़क का निर्माण धनसोई बाजार के पूर्वी दिशा से किया जाएगा। परियोजना पर लगभग 18 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

    जबकि भूमि अधिग्रहण के लिए अलग से राशि उपलब्ध कराई जाएगी। विभाग का लक्ष्य निर्माण कार्य और भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को समानांतर रूप से आगे बढ़ाकर परियोजना को निर्धारित समय में पूरा करना है।

    सड़क निर्माण विभाग के प्रभारी कार्यपालक अभियंता विभूति चंद्र ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी हो चुकी है और निर्माण एजेंसी को कार्यादेश जारी कर दिया गया है।

    उन्होंने कहा कि अब सबसे महत्वपूर्ण चरण भूमि अधिग्रहण का है। इसके लिए प्रस्तावित क्षेत्र का प्रारंभिक सर्वेक्षण पूरा कर लिया गया है और जल्द ही अधिग्रहण की औपचारिक प्रक्रिया शुरू होगी।

    वर्षों पुरानी समस्या का होगा समाधान

    धनसोई बाजार क्षेत्र में प्रतिदिन लगने वाला लंबा जाम स्थानीय लोगों, व्यापारियों और यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी बना हुआ है।

    बाजार से होकर गुजरने वाले भारी वाहनों और स्थानीय यातायात के दबाव के कारण अक्सर सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। इससे न केवल लोगों का समय बर्बाद होता है, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।

    बाईपास बनने के बाद भारी वाहनों का आवागमन बाजार के बाहर से होगा, जिससे बाजार के भीतर यातायात का दबाव काफी कम हो जाएगा।

    इससे स्थानीय लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी और व्यापारिक गतिविधियों पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

    व्यापार और सड़क सुरक्षा को भी मिलेगा लाभ

    स्थानीय नागरिकों का मानना है कि बाईपास बनने से धनसोई बाजार में जाम की समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी।

    बाजार क्षेत्र में वाहनों की भीड़ कम होने से सड़क सुरक्षा बेहतर होगी, पैदल यात्रियों को सुविधा मिलेगी और व्यापारिक गतिविधियां भी अधिक व्यवस्थित ढंग से संचालित हो सकेंगी।

    सड़क निर्माण विभाग को उम्मीद है कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ेगा और परियोजना समय पर पूरी कर ली जाएगी।

    विभाग का मानना है कि यह बाईपास केवल धनसोई बाजार ही नहीं, बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की यातायात व्यवस्था को भी अधिक सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

    यह भी पढ़ें- 201 करोड़ से गोपालगंज में बनेंगी 104 सड़कें; भोरे-हथुआ को सबसे ज्यादा फायदा