डुमरांव के लिए बड़ी खबर: स्टेशन रोड के लिए 19.23 करोड़ की मंजूरी; 210 करोड़ के बाइपास की तैयारी तेज
डुमरांव में 25 साल बाद स्टेशन रोड के 3 किलोमीटर हिस्से के नवनिर्माण के लिए 19.23 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। इसके साथ ही 210 करोड़ रुपये की लागत से ड ...और पढ़ें

एनएच 120 का हिस्सा डुमरांव के स्टेशन रोड का हाल। जागरण
HighLights
डुमरांव स्टेशन रोड के नवनिर्माण को 19.23 करोड़ स्वीकृत।
210 करोड़ रुपये का डुमरांव बाईपास निर्माण होगा।
पुराना भोजपुर में आरओबी और जंक्शन भी बनेगा।
संवाद सहयोगी, डुमरांव (बक्सर)। एक ओर 210 करोड़ रुपये से डुमरांव में बाईपास निर्माण की कवायद शुरू हो चुकी है तो दूसरी डुमरांव शहर की सड़क के लिए 19 करोड़ से ज्यादा की स्वीकृति मिल चुकी है।
बिहारशरीफ-डुमरांव NH 120 के बिक्रमगंज-डुमरांव खंड के अंतर्गत डुमरांव नगर से गुजरने वाले स्टेशन रोड के करीब 3 किलोमीटर हिस्से का करीब 25 साल बाद पूरी तरह नवनिर्माण होगा।
भारत सरकार के सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने इस पूरी तरह बर्बाद हो चुकी सड़क के नवनिर्माण के लिए 19.23 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान कर दी है।
सड़क और परिवहन मंत्रालय भारत सरकार से मिली योजना को स्वीकृति
मंत्रालय ने गत सात जुलाई को यह स्वीकृति देते हुए राज्य सरकार के सड़क निर्माण विभाग के सचिव को पत्र भेजकर जानकारी दी है। क्षेत्रीय विधायक राहुल कुमार सिंह के प्रयासों की बड़ी भूमिका रही।
इस सड़क का निर्माण आखिरी बार राज्यसभा के तत्कालीन सदस्य और डुमरांव प्रखंड के सुरौंधा गांव के रहने वाले नागेंद्र नाथ ओझा के प्रयासों से हुआ था।
वह वर्ष 1996 से 2002 तक सदन के सदस्य रहे। वर्ष 2000 के आसपास छड़ का इस्तेमाल करते हुए कंक्रीट की ढलाई से सड़क का निर्माण हुआ था।
यह सड़क लगभग दो डेढ़ दशक तक लगभग सलामत रही। बाद में भारी-भरकम ओवरलोड ट्रकों की लगातार आवाजाही और कई जगह सड़क पर ही पानी बहाए जाने से इसमें टूट-फूट का सिलसिला शुरू हुआ।
इसके निदान के लिए हल्की-फुल्की मरम्मत होती रही, लेकिन इससे कोई सुधार नहीं हो सका। विधानसभा चुनाव में इस सड़क की बदहाली प्रमुख मुद्दा बनी थी।
तीन किलोमीटर हिस्से को फिर से किया जाएगा पीसीसी
सड़क निर्माण विभाग के एनएच-120 पथ प्रमंडल गया के सहायक अभियंता धर्मेंद्र कुमार उर्फ धर्मकांत ने बताया कि डुमरांव शहर वाले तीन किलोमीटर हिस्से का नवनिर्माण होगा।
दूसरी तरफ एनएच के नए एलाइनमेंट के तहत डुमरांव बाइपास रोड निर्माण के लिए भी करीब 210 करोड़ रुपये का प्राक्कलन तैयार हो चुका है।
यह बाइपास रोड 10 मीटर चौड़ा बनाया जाएगा। पुराना भोजपुर के पास एनएच-120 और एनएच-922 का जंक्शन भी बनाया जाएगा।
साथ ही पुराना भोजपुर के निकट ही रेलवे लाइन के ऊपर से 70 मीटर लंबे रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) के निर्माण का प्रस्ताव रेलवे विभाग को भेज दिया गया है। इसकी भी स्वीकृति जल्द मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- 57.44 करोड़ के डुमरांव आरओबी पर ब्रेक; रेलवे-वन विभाग की खींचतान से काम ठप