Bihar Board Toppers: पिता पढ़े सिर्फ आठवीं तक, बेटी बनी बिहार टॉपर; प्रेरणा बनी बक्सर के राजपुर की अनुपा
BSEB Results:राजपुर (बक्सर) की दो छात्राओं, अनुपा कुमारी और ईशा कुमारी ने मैट्रिक परीक्षा में शानदार प्रदर्शन किया है। अनुपा ने बिहार में तीसरा और बक् ...और पढ़ें
HighLights
अनूपा कुमारी ने बिहार में तीसरा, बक्सर में पहला स्थान पाया।
ईशा कुमारी ने ऑनलाइन पढ़ाई से बिहार में सातवां स्थान प्राप्त किया।
राजपुर की दोनों छात्राओं ने सीमित संसाधनों में बड़ी सफलता पाई।
संवाद सहयोगी, राजपुर (बक्सर)। Bihar Board Toppers 2026: मैट्रिक परीक्षा में राजपुर प्रखंड की दो होनहार छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का परचम लहराते हुए पूरे बिहार में क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
सीमित संसाधनों के बावजूद इन बेटियों ने साबित कर दिया कि मेहनत और लगन के दम पर कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।
खरहना उच्च विद्यालय की छात्रा अनुपा कुमारी ने राज्य में तीसरा और बक्सर जिले में पहला स्थान प्राप्त कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
खेती-बाड़ी करते हैं पिता
वह ककरिया गांव निवासी नित्यानंद सिंह की पुत्री हैं। उनके पिता महज आठवीं तक शिक्षित हैं और खेतीबाड़ी से परिवार का पालन-पोषण करते हैं, जबकि माता निर्मला देवी गृहिणी हैं।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक गोरख मेहरा ने बताया कि अनुपा शुरू से ही पढ़ाई को लेकर गंभीर रही है। स्कूल के साथ-साथ घर पर भी उसने अनुशासन और मेहनत के साथ तैयारी की।
इसमें परिवार का पूरा सहयोग मिला। शिक्षकों का कहना है कि उसकी सफलता उसकी निरंतर मेहनत और मजबूत इच्छाशक्ति का परिणाम है, जो अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगी।
अनूपा की मां निर्मला देवी ने बताया कि उनकी बेटी बचपन से ही पढ़ाई में तेज रही है और शिक्षकों ने भी पहले से ही उसके बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई थी।
शिक्षक पुत्री ने ऑनलाइन पढ़ाई कर हासिल की सफलता
वहीं, इसी प्रखंड की दूसरी प्रतिभावान छात्रा ईशा कुमारी ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए बिहार में सातवां और बक्सर जिले में दूसरा स्थान हासिल किया है। अकबरपुर उच्च विद्यालय की छात्रा ईशा को 484 अंक (96.8 प्रतिशत) प्राप्त हुए हैं।
ईशा ने अपनी पढ़ाई में डिजिटल प्लेटफॉर्म का प्रभावी उपयोग किया, जिससे उसे बेहतर तैयारी में मदद मिली। उनके पिता शिक्षक हैं, जिन्होंने हर कदम पर उनका मार्गदर्शन किया, जबकि मां ने घर में पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण बनाए रखा।
ईशा ने अपने भविष्य के लक्ष्य को स्पष्ट करते हुए कहा कि वह कला संकाय से आगे की पढ़ाई कर यूपीएससी परीक्षा पास कर आईएएस अधिकारी बनना चाहती हैं, ताकि समाज की सेवा कर सकें।
राजपुर की इन दोनों बेटियों की सफलता ने न सिर्फ उनके परिवार, बल्कि पूरे इलाके को गौरवान्वित किया है।