बक्सर में दो बड़े रेलवे फाटक हमेशा के लिए बंद; आज से बदलेगा आवागमन का रास्ता
बक्सर में पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल ने जिला प्रशासन के सहयोग से दो व्यस्त समपार फाटकों, इटाढ़ी गुमटी और चौसा, को स्थायी रूप से बंद करने का निर् ...और पढ़ें

बक्सर की इटाढ़ी गुमटी बन जाएगी इतिहास।
HighLights
बक्सर के इटाढ़ी गुमटी और चौसा फाटक बंद।
नए रोड ओवर ब्रिज बनने से लिया गया निर्णय।
रेल परिचालन और यातायात होगा अधिक सुगम।
जागरण संवाददाता, बक्सर। पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल ने बक्सर जिला प्रशासन के सहयोग से सुरक्षा सुदृढ़ीकरण और सुचारू रेल परिचालन के लिए बड़ा कदम उठाया है।
रेलवे प्रशासन के आधिकारिक आदेश के अनुसार जिले के दो अत्यंत व्यस्त समपार फाटकों को हमेशा के लिए बंद करने का निर्णय लिया गया है।
इनमें इटाढ़ी गुमटी (समपार संख्या 70 बी/टी, किलोमीटर 660/23-25) और चौसा स्थित समपार संख्या 78 ए/ई (किलोमीटर 673/11-13) शामिल हैं।
चौसा के पास स्थित समपार फाटक की सोमवार को होगी घेराबंदी
नए रोड ओवर ब्रिज के निर्माण और कमीशनिंग पूरा होने के बाद यह फैसला लिया गया है।इटाढ़ी गुमटी को 31 मई को सुबह 9 बजे से तथा चौसा के समपार को 1 जून को सुबह 9 बजे से स्थायी रूप से बंद कर दिया जाएगा।
बक्सर रेलवे स्टेशन से सटे पूर्वी समपार के पास स्थानीय निवासियों की सुविधा के लिए लगभग दो वर्ष पहले लाइट ओवरब्रिज चालू किया गया था, जिसका उपयोग पैदल यात्री और दोपहिया वाहन करते हैं।
जगह की कमी के कारण यहां अतिरिक्त लाइट आरओबी भी बनाया गया है। चौसा-कोचस रोड के मुख्य अलाइनमेंट पर आरओबी बनने से वहां यातायात पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा।
रेलवे के सहायक मंडल अभियंता (दानापुर) समय सिंह मीणा ने उप पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, नवनिर्मित ओवरब्रिज आम जनता के लिए खुल जाने के बाद इन फाटकों को खुला रखने का कोई औचित्य नहीं रहा।
गेट बंद होने पर नहीं फंसेंगी ट्रेनें
इससे ट्रेनों की रफ्तार बढ़ेगी, समय पालन में सुधार होगा और समपारों पर ट्रैफिक जाम व दुर्घटनाओं की आशंका समाप्त हो जाएगी। समपार बंद करने का कार्य रेलवे के तकनीकी स्टाफ द्वारा किया जाएगा।
इस दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए डीएम, पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और संबंधित थानाध्यक्षों को प्रतिलिपि भेजकर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने को कहा गया है।
रेलवे सुरक्षा बल के निरीक्षकों को भी साइट पर मुस्तैद रहने का निर्देश दिया गया है। स्थानीय प्रशासन ने आम जनता और वाहन चालकों से अपील की है कि वे नवनिर्मित आरओबी का ही उपयोग करें।
खबरें और भी
फाटकों के दोनों ओर जल्द ही दीवार घेरकर रास्ता बंद कर दिया जाएगा, जिससे लाइट ओवरब्रिज क्षेत्र में जाम समाप्त होगा और वाहन बिना रुकावट बक्सर-पटना एनएच 922 तक पहुंच सकेंगे।
यह भी पढ़ें- सालों का इंतजार खत्म: बक्सर में 26 करोड़ का इटाढ़ी गुमटी ओवरब्रिज अंतिम चरण में; जल्द दौड़ेंगी गाड़ियां