रात में गर्लफ्रेंड के घर छोड़ कर गए थे दोस्त; सुबह बक्सर में मिला आरा के युवक का शव
बक्सर के शिवपुरी मोहल्ले में एक खाली प्लॉट से 22 वर्षीय ओम पांडेय का शव मिला है, जिसकी हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने पूछताछ के लिए दो युवतिय ...और पढ़ें

बक्सर के शिवपुरी में मिला युवक का शव।
HighLights
बक्सर के शिवपुरी में 22 वर्षीय युवक का शव बरामद।
पुलिस को हत्या की आशंका, सिर पर चोट के निशान।
प्रेम प्रसंग में दो युवतियां हिरासत में लेकर पूछताछ।
जागरण संवाददाता, बक्सर। नगर थाना क्षेत्र के शिवपुरी मोहल्ले में शनिवार सुबह एक खाली प्लॉट से 22 वर्षीय युवक का शव बरामद होने से सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान भोजपुर जिले के आरा शहर के अरवल मोहल्ला निवासी कमलेश पांडेय के पुत्र ओम पांडेय के रूप में हुई है।
प्रथम दृष्टया पुलिस हत्या की आशंका जता रही है। मामले में पूछताछ के लिए मोहल्ले की दो युवतियों को हिरासत में लिया गया है।
सिर पर चोट के निशान
शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने खाली प्लॉट में युवक का शव पड़ा देखा और इसकी सूचना नगर थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर के पीछे और कनपटी के पास गहरी चोट के निशान मिले। नाक से भी खून बह रहा था। शव अकड़ी हुई अवस्था में था।
युवक के शरीर पर जींस और बनियान (गंजी) थी। उसकी जेब से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। इसी दौरान युवक की तलाश करते हुए उसके दो दोस्त घटनास्थल पर पहुंचे और शव की पहचान ओम पांडेय के रूप में की।
कॉलेज में एडमिशन के लिए आया ओम
दोस्तों ने पुलिस को बताया कि ओम बक्सर के नया बाजार स्थित उनके कमरे पर ठहरा हुआ था। उसने बताया था कि वह बक्सर के एक कॉलेज में नामांकन कराने आया है।
दोस्तों के अनुसार शुक्रवार शाम ओम ने शिवपुरी की एक युवती से मिलने की बात कही थी। वे उसे युवती के घर के पास छोड़कर लौट गए।
देर रात तक ओम के वापस नहीं आने पर उन्होंने कई बार फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। शनिवार सुबह उसकी तलाश के दौरान उन्हें शव मिलने की जानकारी मिली।
पुलिस को आशंका है कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हो सकता है और हत्या के बाद शव को खाली प्लॉट में फेंक दिया गया।
शिवपुरी की दो युवती हिरासत में
हालांकि, पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट पुष्टि हो सकेगी।
घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। वहीं, सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थानीय लोगों से पूछताछ की।
नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मामले में शिवपुरी मोहल्ले की दो युवतियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपितों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।