बक्सर से वाराणसी के बीच बनेगी फोरलेन सड़क, चौसा-गाजीपुर NH के चौड़ीकरण के लिए DPR बनाएगी सरकार
केंद्र सरकार चौसा (बक्सर) से गाजीपुर के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग 124सी को फोरलेन में बदलने के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करेगी। इससे बक ...और पढ़ें

बक्सर से वाराणसी के बीच बनेगी फोरलेन सड़क (AI Generated Image)
HighLights
चौसा-गाजीपुर NH 124C को फोरलेन किया जाएगा।
विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) बनाने का काम शुरू।
बक्सर-वाराणसी यात्रा समय 3-4 घंटे से 1.5-2 घंटे होगा।
जागरण संवाददाता, बक्सर। बिहार के बक्सर जिले में स्थित चौसा से उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक व वाणिज्यिक राजधानी वाराणसी के बीच जल्द ही एक और फोरलेन संपर्क कॉरिडोर आकार लेने की उम्मीद है। केंद्र सरकार ने चौसा से गाजीपुर के मध्य स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग 124सी को फोरलेन में परिणत करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार किए जाने का आश्वासन दिया है।
मानसून सत्र के दौरान गुरुवार को लोकसभा में बक्सर के प्रतिनिधि सुधाकर सिंह के प्रश्न का जवाब देते हुए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन जयराम गडकरी ने बताया कि वाराणसी से गाजीपुर के बीच का राष्ट्रीय राजमार्ग खंड पूर्व में ही चार लेन के रूप में निर्मित और संचालित है।
अगले चरण में गाजीपुर से चौसा (बक्सर) के बीच सड़क के चौड़ीकरण हेतु विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने का काम शुरू किया जा रहा है।
मार्च 2018 में जारी हुआ था राजपत्रित नोटिफिकेशन
चौसा से गाजीपुर के बीच की सड़क को केंद्र सरकार ने छह मार्च 2018 को राष्ट्रीय राजमार्ग 124सी के रूप में अधिसूचित किया था।
यह उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में एनएच-31 के जंक्शन से प्रारंभ होकर गहमर व बारा को जोड़ते हुए चौसा के पास आरा-मोहनिया एनएच-319ए के जंक्शन पर समाप्त होता है। इस राजमार्ग की कुल लंबाई लगभग 38 किलोमीटर है।
बक्सर-चौसा ग्रीनफील्ड बाईपास से होगा जुड़ाव
बक्सर-चौसा फोरलेन ग्रीनफील्ड बाईपास (एनएच-319ए के पैकेज-2) के तहत पहले से ही काम चल रहा है। यह 22 किलोमीटर लंबा ग्रीनफील्ड फोरलेन बाईपास एनएच 124सी को बक्सर-पटना फोरलेन (एनएच-922) से जोड़ता है।
मौजूदा समय में एनएच 124सी मुख्यतः इंटरमीडिएट अथवा दो-लेन सड़क संरचना के रूप में कार्यरत है, इस पर ढेर सारे अवैध स्पीड ब्रेकर बने हुए हैं। गाजीपुर, ताड़ीघाट, गहमर, बारा और चौसा जैसे घने आबादी वाले कस्बों और बाजारों से गुजरने के कारण इस मार्ग पर वाहनों को नियंत्रित गति से चलना पड़ता है।
भदौरा के पास बाईपास बने तो और घट जाएगी दूरी
गाजीपुर से चौसा तक एनएच 124सी का मौजूदा विस्तार चौसा से बारा, गहमर और भदौरा होकर है। अगर गहमर के बाद भदौरा के उत्तर से दुल्लहपुर होते हुए रेवतीपुर तक नया ग्रीनफील्ड बाईपास विकसित किया जाए, तो इस खंड की दूरी 38 किलोमीटर से घटकर केवल 30 किलोमीटर ही रह जाएगी।
खबरें और भी
इसका सबसे बड़ा प्रत्यक्ष लाभ बक्सर से वाराणसी के बीच यात्रा के समय में कटौती के रूप में मिलेगा। इससे वर्तमान में लगने वाला 3 से 4 घंटे का सफर घटकर मात्र 1.5 से 2 घंटे का रह जाएगा।