Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बक्सर में बैंक से पैसे निकालकर लौट रहे सीएसपी संचालक से गनपॉइंट पर लूट, बाइक सवार 3 बदमाश फरार

    Updated: Tue, 04 Aug 2026 11:30 AM (GMT+05:30)

    बक्सर के चौसा में कठघरवा-पवनी मार्ग पर बाइक सवार तीन अपराधियों ने एक सीएसपी संचालक से गनपॉइंट पर 1.15 लाख रुपये और मोबाइल फोन लूट लिया। ...और पढ़ें

    सीएसपी संचालक से गनपॉइंट पर लूट ( एआई जेनरेटेड तस्वीर )

    सीएसपी संचालक से गनपॉइंट पर लूट ( एआई जेनरेटेड तस्वीर )

    HighLights

    1. सीएसपी संचालक से गनपॉइंट पर 1.15 लाख लूटे गए।

    2. तीन बाइक सवार अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया।

    3. पुलिस जांच में जुटी, अपराधियों की तलाश जारी है।

    संवाद सहयोगी, चौसा (बक्सर)। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कठघरवा-पवनी मार्ग पर ढुढ़नी गांव के समीप सोमवार की शाम बाइक सवार तीन अपराधियों ने हथियार के बल पर एक सीएसपी संचालक से 1.15 लाख रुपये और मोबाइल फोन लूट लिया। 

    वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी पवनी-करहंसी की ओर से आए रास्ते से ही फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

    पैसे लेकर लौट रहे थे घर

    मिली जानकारी के अनुसार, कमरपुर गांव निवासी रामाश्रय सिंह के 50 वर्षीय 

    पुत्र वीरेंद्र सिंह कुशवाहा पवनी पंचायत भवन के समीप भारतीय स्टेट बैंक का ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) संचालित करते हैं। वह प्रतिदिन साइकिल से चौसा स्थित एसबीआई शाखा आते-जाते हैं। 

    उन्होंने बताया कि सोमवार की शाम करीब चार बजे वीरेंद्र सिंह कुशवाहा ने चौसा एसबीआई शाखा से 1.15 लाख रुपये की निकासी की। इसके बाद वह रुपये से भरा थैला लेकर साइकिल से कठघरवा-ढुढ़नी मार्ग होते हुए अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान ढुढ़नी गांव के समीप पवनी की ओर से एक अपाची बाइक पर सवार तीन युवक पहुंचे। तीनों ने गमछे से अपना चेहरा ढक रखा था।

    पीड़ित की ओर से नहीं मिला लिखित आवेदन

    आरोप है कि बाइक सवार अपराधियों ने वीरेंद्र सिंह पर बंदूक तान दी और रुपये से भरा थैला तथा उनका मोबाइल फोन छीन लिया। इसके बाद तीनों अपराधी बाइक से उसी रास्ते वापस फरार हो गए। घटना स्थल सुनसान होने के कारण पीड़ित को तत्काल कोई मदद नहीं मिल सकी। कुछ दूरी पर ग्रामीणों के मिलने पर उन्होंने पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

    अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। पीड़ित की ओर से अभी लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। बैंक से निकासी से संबंधित विवरण भी लिया जा रहा है। पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई कर रही है।