'डुमरांव पेरिस बन गया!' वायरल रील्स में छलका सड़क का दर्द, गड्ढों व जलजमाव से परेशान लोग पूछ रहे- आखिर कब सुधरेगी तस्वीर?
डुमरांव में राज हाई स्कूल से कृषि कॉलेज मोड़ तक की सड़क एक साल से खराब है, गड्ढों और जलजमाव से लोग परेशान हैं। ...और पढ़ें

सड़क की बदहाली से बाजार भी बेहाल
HighLights
डुमरांव में एक साल से सड़क मरम्मत अधूरी, गड्ढे-जलजमाव।
सोशल मीडिया पर 'डुमरांव पेरिस बन गया' रील वायरल।
स्थानीय लोग और व्यवसायी सड़क की बदहाली से परेशान।
रंजीत कुमार पांडेय, डुमरांव (बक्सर)। डुमरांव शहर की सबसे व्यस्त सड़कों में शामिल राज हाई स्कूल से कृषि कालेज मोड़ तक का रास्ता इन दिनों सिर्फ राहगीरों की परेशानी का कारण नहीं, बल्कि इंटरनेट मीडिया पर व्यवस्था की बदहाली का मुद्दा बन गया है।
करीब एक साल से अधूरे मरम्मत कार्य, गड्ढों और जलजमाव से लोग परेशान हैं। आए दिन बाइक, ई-रिक्शा और आटो चालक सड़क पर गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
यह सड़क डुमरांव-बिहारशरीफ एनएच-120 का हिस्सा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच घोषित होने के बाद भी सड़क की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है।
लंबे समय से निर्माण और मरम्मत कार्य अधूरा रहने के कारण लोगों का गुस्सा अब सोशल मीडिया पर खुलकर सामने आ रहा है।
‘ता-ता तुना...’ के साथ वायरल हो रही रील, व्यवस्था पर तंज
सड़क की बदहाली को लेकर स्थानीय युवा लगातार रील्स और वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर साझा कर रहे हैं।
इनमें सबसे ज्यादा चर्चा उस वीडियो की हो रही है, जिसमें जलजमाव से भरी सड़क दिखाते हुए तंज कसा गया है- ‘डुमरांव पेरिस बन गया है।’
रील में पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान चर्चित व्यंग्य गीत ‘ता-ता तुना, ना धी धीना...’ का इस्तेमाल कर सड़क की हालत और व्यवस्था की कथित उदासीनता पर सवाल उठाए गए हैं।
वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों की नाराजगी का डिजिटल चेहरा बन गया है।
गड्ढों में फंस रहे वाहन, सोशल मीडिया पर रोज उठ रहे सवाल
स्थानीय युवक अजमेर खान, गोलू राय समेत कई सोशल मीडिया यूजर सड़क की स्थिति को लेकर लगातार वीडियो पोस्ट कर रहे हैं।
लोगों का सवाल है कि आखिर एक साल बीत जाने के बाद भी सड़क का निर्माण कार्य पूरा क्यों नहीं हो पाया।
एक इंटरनेट मीडिया पेज पर सड़क के गड्ढों में फंसते और गिरते वाहनों के वीडियो भी लगातार साझा किए जा रहे हैं।
इन पोस्ट पर लोग कमेंट कर अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं और जिम्मेदार विभाग व जनप्रतिनिधियों से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
सड़क की बदहाली से बाजार भी बेहाल
स्थानीय व्यवसायी संजय दयाल, रोहित शर्मा, अजय केशरी और अजीत कुमार सिंह समेत अन्य लोगों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति का सीधा असर बाजार पर पड़ रहा है।
जलजमाव और गड्ढों के कारण ग्राहक इस रास्ते से आने से बच रहे हैं, जिससे दुकानदारों का कारोबार प्रभावित हो रहा है।
व्यवसायियों का कहना है कि सड़क की स्थिति जल्द सुधारी नहीं गई तो परेशानी और बढ़ सकती है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यदि निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाता तो आज सड़क की यह हालत नहीं होती।
वायरल रील से बड़ा सवाल- ‘पेरिस’ कब बनेगा डुमरांव?
एक तरफ सड़क की बदहाली से राहगीर और दुकानदार परेशान हैं, तो दूसरी तरफ सोशल मीडिया पर वायरल हो रही रील्स ने इस मुद्दे को लोगों के बीच चर्चा का विषय बना दिया है।
अब ‘डुमरांव पेरिस बन गया’ वाला तंज प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के लिए भी सवाल बन गया है।
लोगों की मांग है कि सड़क की मरम्मत और निर्माण कार्य जल्द पूरा किया जाए, ताकि जलजमाव और गड्ढों से राहत मिल सके।
अब देखना यह है कि वायरल रील्स और जनता की नाराजगी के बाद जिम्मेदार विभाग कब जागता है और डुमरांव की इस बदहाल सड़क की तस्वीर कब बदलती है।