UGC NET में बक्सर के हर्ष कुमार ने हासिल की 55वीं रैंक, 99.84 परसेंटाइल के साथ JRF के लिए क्वालीफाई
बक्सर के हर्ष कुमार ने यूजीसी नेट 2026 परीक्षा में 99.84 परसेंटाइल के साथ ऑल इंडिया 55वीं रैंक हासिल कर जेआरएफ क्वालीफाई किया है।

सामान्य वर्ग में हर्ष ने किया कमाल। फाइल
जागरण संवाददाता, बक्सर। नगर के स्टेशन रोड निवासी हर्ष कुमार ने यूजीसी नेट 2026 की परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है।
उन्होंने सामान्य वर्ग में 99.84 परसेंटाइल अंक हासिल करते हुए ऑल इंडिया 55वीं रैंक प्राप्त की और जूनियर रिसर्च फेलोशिप (जेआरएफ) के लिए पात्रता हासिल की है।
भूगोल विषय से परीक्षा देने वाले हर्ष की इस उपलब्धि से उनके परिवार, शिक्षकों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है।हर्ष ने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) से भूगोल विषय में स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की है।
उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के उद्देश्य से उन्होंने यूजीसी नेट की तैयारी की थी। कड़ी मेहनत और लगन का परिणाम उन्हें परीक्षा में शानदार रैंक के रूप में मिला।
जेआरएफ की पात्रता हासिल होने से अब उनके लिए शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ने के नए अवसर खुल गए हैं।
बहन भी इसी वर्ष हासिल कर चुकी हैं जेआरएफ
हर्ष की बड़ी बहन दीक्षा केसरी ने भी इसी वर्ष बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने इंडियन काउंसिल ऑफ फिलॉसफिकल रिसर्च (आईसीपीआर) से जेआरएफ क्वालीफाई किया है।
इसके साथ ही उन्होंने पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय की पीएचडी प्रवेश परीक्षा में टॉप किया और वर्तमान में दर्शनशास्त्र विषय से पीएचडी कर रही हैं। भाई-बहन की लगातार उपलब्धियों से परिवार में उत्साह का माहौल है।
शिक्षा के क्षेत्र से जुड़ा है परिवार
हर्ष के पिता अंजनी कुमार इटाढ़ी प्रखंड के मध्य विद्यालय बैरी में प्रधानाध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े परिवार में हर्ष को शुरू से ही पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल मिला।
वहीं, उनके दादा स्व. डा. बंसरोपन प्रसाद केसरी शहर के प्रतिष्ठित पशु चिकित्सक के रूप में अपनी पहचान रखते थे।हर्ष की सफलता की खबर मिलने के बाद परिजनों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी।
सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि जेआरएफ के बाद शोध के क्षेत्र में भी हर्ष बेहतर मुकाम हासिल करेंगे। हर्ष की उपलब्धि से बक्सर के युवाओं और विद्यार्थियों में भी उत्साह है।
यह भी पढ़ें- वैशाली की शिखा का कमाल, 5 बार UGC-NET पास करने के बाद छठे प्रयास में ऐसे हासिल की JRF
