विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वैशाली की शिखा का कमाल, 5 बार UGC-NET पास करने के बाद छठे प्रयास में ऐसे हासिल की JRF

Published: Sat, 29 Aug 2026 12:53 PM (IST)

बिदुपुर प्रखंड की शिखा कुमारी ने पांच बार यूजीसी-नेट पास करने के बाद छठे प्रयास में जूनियर रिसर्च फेलोशिप (जेआरएफ) परीक्षा में सफलता हासिल की है।

JRF में सफल श‍िखा कुमारी। फाइल

JRF में सफल श‍िखा कुमारी। फाइल

HighLights

  1. शिखा कुमारी ने छठे प्रयास में जेआरएफ परीक्षा पास की।

  2. पांच बार यूजीसी-नेट परीक्षा में पहले ही सफलता प्राप्त की थी।

  3. बिना कोचिंग टेलीग्राम और यूट्यूब से की तैयारी।

जागरण संवाददाता, हाजीपुर। बिदुपुर प्रखंड के इस्माईलपुर गांव की बेटी शिखा कुमारी ने अपनी मेहनत और बेहतर रणनीति के दम पर शिक्षा के क्षेत्र में खास उपलब्धि हासिल की है।

पांच बार यूजीसी-नेट परीक्षा पास करने के बाद शिखा ने छठे प्रयास में जूनियर रिसर्च फेलोशिप (जेआरएफ) परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। उनकी उपलब्धि से परिवार के साथ ही गांव और क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है।

शिखा दीप कुमार सिंह एवं सुनीता देवी की पुत्री हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा प्राथमिक विद्यालय इस्माइलपुर बिदुपुर स्टेशन से शुरू की।

इसके बाद जेटी हाई स्कूल बरुआ बहुआरा, बिदुपुर से मैट्रिक तक की पढ़ाई पूरी की। ग्रेजुएशन उन्होंने सीआरके कॉलेज, हाजीपुर से किया। इसके बाद पोस्टग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी करने के बाद वह यूजीसी-नेट की तैयारी में जुट गईं।

बिना कोचिंग के हासिल की सफलता

शिखा ने नेट और जेआरएफ की तैयारी के लिए किसी कोचिंग संस्थान का सहारा नहीं लिया। उन्होंने टेलीग्राम और यू-ट्यूब को अपनी पढ़ाई का माध्यम बनाया।

हिंदी विषय की छात्रा रहीं शिखा ने अपने विषय की तैयारी पर विशेष ध्यान दिया और लगातार अध्ययन के साथ अपनी रणनीति में सुधार करती रहीं।

पांच बार यूजीसी-नेट परीक्षा पास करने के बावजूद उन्होंने जेआरएफ की सफलता के लिए प्रयास जारी रखा। छठे प्रयास में उनकी मेहनत रंग लाई और उन्होंने जेआरएफ परीक्षा में सफलता हासिल कर ली।

परिवार को दिया सफलता का श्रेय

शिखा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार, शिक्षकों और तैयारी के दौरान मार्गदर्शन करने वाले साथियों को दिया है। उनका कहना है कि लक्ष्य के प्रति लगातार मेहनत और सही रणनीति के साथ तैयारी करने से सफलता हासिल की जा सकती है।

शिखा ने बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय, मुजफ्फरपुर के अंतर्गत राज नारायण कॉलेज, हाजीपुर से भी शिक्षा प्राप्त की है।

उनकी उपलब्धि पर परिवार के सदस्यों, शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

यह भी पढ़ें- UGC NET में बक्सर के हर्ष कुमार ने हासिल की 55वीं रैंक, 99.84 परसेंटाइल के साथ JRF के लिए क्वालीफाई