संसद में उठेगा इटाढ़ी गुमटी का मुद्दा; RJD सांसद सुधाकर सिंह बोले- रेल मंत्री को लिख चुके हैं पत्र
बक्सर में इटाढ़ी रेलवे गुमटी को फिर से खोलने की मांग को लेकर चौथे दिन भी धरना जारी रहा, जिसे सांसद सुधाकर सिंह ने नैतिक समर्थन दिया। उन्होंने आश्वासन ...और पढ़ें

धरना सभा में बोलते सांसद सुधाकर सिंह। सौजन्य: संघर्ष मोर्चा
HighLights
इटाढ़ी रेलवे गुमटी खोलने की मांग पर अनिश्चितकालीन धरना जारी।
सांसद सुधाकर सिंह लोकसभा में उठाएंगे गुमटी खोलने का मुद्दा।
श्रावण मास में श्रद्धालुओं, छात्रों, किसानों को हो रही परेशानी।
जागरण संवाददाता, बक्सर। इटाढ़ी रेलवे गुमटी को पुनः खोलने की मांग को लेकर शनिवार को चौथे दिन भी अनिश्चितकालीन धरना जारी रहा। धरना की अध्यक्षता जिला संयोजक सरोज राजभर ने की, जबकि संचालन डॉ. अजीत कुशवाहा ने किया।
धरना स्थल पर पहुंचे सांसद सुधाकर सिंह ने आंदोलन को नैतिक समर्थन देते हुए कहा कि वह इस मुद्दे को प्रधानमंत्री और रेल मंत्री के समक्ष उठा चुके हैं।
रेलमंत्री को कराया गया अवगत
उन्होंने बताया कि रेल मंत्री को इस संबंध में लिखित रूप से भी अवगत कराया गया है। सांसद ने आश्वासन दिया कि लोकसभा सत्र के दौरान शून्यकाल में इटाढ़ी रेलवे गुमटी खोलने की मांग प्रमुखता से उठाएंगे।
धरना स्थल पर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने आंदोलन को पार्टी का समर्थन दिया। वहीं, राजद के जिला अध्यक्ष शेषनाथ यादव ने भी गुमटी खोलने की मांग का समर्थन किया।
धरनार्थियों को संबोधित करते हुए जिला संयोजक सरोज राजभर ने रेलवे और जिला प्रशासन पर आम लोगों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
शिव भक्तों समेत अन्य लोगों को हो रही परेशानी
उन्होंने कहा कि गुमटी बंद रहने से श्रावण मास में जलाभिषेक के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं, छात्रों, किसानों, व्यापारियों, महिलाओं और बुजुर्गों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही गुमटी नहीं खोली गई तो संघर्ष मोर्चा आंदोलन को और तेज करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी रेलवे और जिला प्रशासन की होगी।
धरने में जितेंद्र कुमार, अजीत कुमार, कृष्णावती देवी, दीनानाथ ठाकुर, विनोद कुशवाहा, जगनारायण सिंह, बीरबल पासवान, राम इकबाल ठाकुर, सूर्यकांति देवी, सुनीता कुशवाहा, सुनीता राजभर, कमलेश राव, रमन राजभर, ददन ठाकुर और मुन्ना ओझा सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।