बक्सर के नितिन यादव किडनैपिंग केस में खुलासा: बिहार-UP बॉर्डर पर 4 टुकड़ों में मिला शव, साइको किलर अरेस्ट
Nitin Yadav Murder: पटना-डीडीयू रेलखंड पर ट्रेन से अपहृत वैशाली के युवक नितिन यादव की हत्या कर दी गई है, ...और पढ़ें

नितिन यादव(फाइल फोटो)
HighLights
वैशाली के नितिन यादव का ट्रेन से अपहरण कर हत्या।
बिहार-यूपी सीमा पर चार हिस्सों में मिला शव।
एक आरोपित गिरफ्तार, अन्य घटनाओं में भी संलिप्तता स्वीकार।
जागरण संवाददाता, बक्सर/हाजीपुर। Nitin Yadav Murder:पटना-डीडीयू रेलखंड पर ट्रेन से सफर के दौरान अपहृत वैशाली के युवक नितिन यादव की हत्या कर दी गई। रेल पुलिस ने मंगलवार देर रात आरा जंक्शन से पश्चिम बिहार-उत्तर प्रदेश सीमा क्षेत्र में उसकी तलाश के दौरान शव बरामद किया।
मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है। रेल अधिकारी के अनुसार, पूछताछ में आरोपित ने नितिन यादव की हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
अपहरण के बाद नितिन ने खुद दी थी सूचना
जानकारी के अनुसार, जंदाहा थाना क्षेत्र के चांद सराय निवासी मुकेश राय के पुत्र नितिन यादव (21) हैदराबाद-दानापुर स्पेशल ट्रेन से डीडीयू की ओर जा रहे थे।
20 सितंबर की रात करीब 10 बजे बक्सर रेलवे जंक्शन के आसपास चलती ट्रेन में कुछ लोगों ने कथित तौर पर रेल पुलिस के भेष में उन्हें अपने साथ ले लिया। इसके बाद मौका मिलते ही नितिन ने फोन कर रेल मुख्यालय को घटना की सूचना दी थी।
दिलदारनगर-डीडीयू के बीच बताई थी वारदात
नितिन ने रेल मुख्यालय को बताया था कि अपहरण की वारदात दिलदारनगर और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के बीच हुई है।
सूचना मिलते ही बक्सर और दिलदारनगर जीआरपी के साथ आरपीएफ की संयुक्त टीमें सक्रिय हो गईं। पुलिस ने संभावित स्थानों पर तलाश शुरू करने के साथ ही घटना में शामिल लोगों की पहचान का प्रयास शुरू किया।
आरोपित की गिरफ्तारी के बाद खुला मामला
जांच के दौरान रेल पुलिस को एक आरोपित के बारे में सुराग मिला। गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की गई, जिसमें नितिन यादव की हत्या के संबंध में जानकारी सामने आने की बात कही गई है।
इसके बाद पुलिस ने बिहार-उत्तर प्रदेश सीमा क्षेत्र में तलाश तेज कर दी। इसी दौरान नितिन का शव बरामद किया गया।
नेउरा की घटना में भी संलिप्तता का दावा
रेल अधिकारी के अनुसार, पूछताछ में गिरफ्तार आरोपित ने नेउरा स्टेशन के पास चलती ट्रेन से एक व्यक्ति को फेंके जाने की घटना में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार करने की बात कही है।
पुलिस अब इस घटना और नितिन यादव के अपहरण व हत्या के मामले के बीच संभावित संबंधों की जांच कर रही है।
अन्य आरोपितों की भूमिका की जांच
पुलिस आरोपित के कथित स्वीकारोक्ति के आधार पर दोनों घटनाओं की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। साथ ही घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नितिन यादव के अपहरण में कितने लोग शामिल थे और घटना के पीछे क्या वजह थी।
आरा के पास भी मिला शव
इधर, आरा स्टेशन से सटे जगजीवन हाल्ट के पास भी एक शव बरामद किए जाने की सूचना है। रेल पुलिस इस मामले की भी जांच कर रही है और दोनों घटनाओं के बीच किसी संभावित संबंध की जानकारी जुटाई जा रही है। नितिन यादव के शव की बरामदगी के बाद मामले की जांच और तेज कर दी गई है।
चार हिस्सों में बरामद हुआ शव
रेल पुलिस के अनुसार, नितिन यादव का शव चार हिस्सों में बरामद किया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के सभी पहलुओं की जांच के साथ गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ जारी है।
