बक्सर: PM सूर्य घर योजना के लिए सिबिल स्कोर जरूरी नहीं, 4129 कुटीर लाभार्थियों को मिलेगा मुफ्त बिजली का लाभ
बक्सर में जिला पदाधिकारी साहिला ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा की, जिसका लक्ष्य 4,129 कुटीर लाभार्थियों को जोड़ना है। ...और पढ़ें

बक्सर के 4129 कुटीर लाभार्थियों को मिलेगा मुफ्त बिजली का लाभ
HighLights
बक्सर में पीएम सूर्य घर योजना की समीक्षा हुई।
योजना के तहत ऋण के लिए सिबिल स्कोर जरूरी नहीं।
4,129 कुटीर लाभार्थियों को मुफ्त बिजली मिलेगी।
जागरण संवाददाता, बक्सर। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी एवं लक्ष्य आधारित क्रियान्वयन को लेकर सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला पदाधिकारी साहिला ने बैठक की। बैठक में योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों, बैंकों एवं कार्यदायी एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने में सौर ऊर्जा की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके तहत जिले में प्रधानमंत्री कुटीर योजना के 4,129 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
अधिक से अधिक योजना का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें
डीएम ने पंचायत प्रतिनिधियों से अपील की कि वे स्वयं अपने भवनों पर सोलर रूफटाप लगवाकर ग्रामीणों के लिए प्रेरणास्रोत बनें। डीएम ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पंचायत प्रतिनिधियों के सहयोग से अधिक से अधिक पात्र लोगों के आवेदन प्राप्त कर योजना का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें।
बैठक के दौरान अग्रणी बैंक प्रबंधक ने बताया कि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में ऋण स्वीकृति की दर लगभग 58 प्रतिशत है। इस पर जिला पदाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत ऋण स्वीकृति के लिए सिबिल स्कोर की अनिवार्यता नहीं है।
खबरें और भी
लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन किया जाए
उन्होंने निर्देश दिया कि बिना उचित कारण किसी भी पात्र आवेदक का ऋण आवेदन अस्वीकृत नहीं किया जाए तथा लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन किया जाए।
जिला पदाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता विद्युत आपूर्ति प्रमंडल को सभी प्रखंडों में रोस्टर के अनुसार विशेष शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया, ताकि अधिक से अधिक लोगों को योजना से जोड़ा जा सके। साथ ही सभी कनीय अभियंता एवं सहायक अभियंताओं को प्रखंडवार लक्ष्य निर्धारित कर कार्य करने को कहा गया।
बैठक में योजना से जुड़े अधिकृत वेंडरों को सोलर संयंत्र स्थापना कार्य में तेजी लाने तथा गुणवत्ता एवं समयबद्धता बनाए रखने का निर्देश दिया गया। डीएम ने कहा कि योजना की प्रगति की साप्ताहिक समीक्षा की जाएगी और लक्ष्य प्राप्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।