बक्सर नगर परिषद की सशक्त स्थायी समिति का गठन; पुराने चेहरों पर फिर जताया भरोसा, 3 निर्विरोध
बक्सर नगर परिषद में सशक्त स्थायी समिति के चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुए, जिसमें पार्षदों ने पुराने चेहरों पर फिर से भरोसा जताया। राजू कुमार रा ...और पढ़ें

सशक्त स्थायी समिति के निर्वाचित सदस्य। जागरण
HighLights
बक्सर नगर परिषद सशक्त स्थायी समिति चुनाव संपन्न।
पुराने पांच सदस्य दोबारा समिति में शामिल हुए।
बबन सिंह, मनोज गुप्ता ने अपनी जगह बरकरार रखी।
जागरण संवाददाता, बक्सर। नगर परिषद सभागार में शुक्रवार को सशक्त स्थायी समिति के गठन को लेकर चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई।
चुनाव में एक बार फिर पुराने चेहरों पर पार्षदों ने भरोसा जताया और पूर्व के पांच सदस्य दोबारा सशक्त समिति में शामिल हो गए।
चुनाव प्रक्रिया पर्यवेक्षक उप विकास आयुक्त निहारिका छवि एवं निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडलाधिकारी अविनाश कुमार की देखरेख में सम्पन्न कराई गई।
13 पार्षदों ने चुनाव में लिया हिस्सा
चुनाव प्रक्रिया सुबह करीब 11 बजे शुरू हुई, जिसमें नगर परिषद के कुल 13 पार्षदों ने भाग लिया। समिति गठन के लिए सात उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया था।
इनमें से तीन उम्मीदवार राजू कुमार राय उर्फ झब्बू राय, दिलीप कुमार और अंजू सिंह निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। निर्विरोध निर्वाचन के बाद शेष दो सीटों के लिए मतदान कराया गया।
पहली सीट के लिए पार्षद बबन सिंह और चक्रवर्ती चौधरी के बीच मुकाबला हुआ। मतदान में बबन सिंह को 10 मत प्राप्त हुए।
जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी चक्रवर्ती चौधरी को मात्र दो वोट मिले। दूसरी सीट पर मनोज कुमार गुप्ता और जगदीश कुमार आमने-सामने थे। इस मुकाबले में मनोज कुमार गुप्ता को 10 मत प्राप्त हुए, जबकि जगदीश प्रसाद को तीन मत मिले।
बबन और मनोज ने बरकरार रखा स्थान
इस प्रकार बबन सिंह और मनोज कुमार गुप्ता ने जीत दर्ज करते हुए सशक्त समिति में अपनी जगह बरकरार रखी। निर्वाची पदाधिकारी अविनाश कुमार ने सभी निर्वाचित सदस्यों को प्रमाण पत्र प्रदान किया।
इसके बाद आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में नवनिर्वाचित सदस्यों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। चुनाव प्रक्रिया के दौरान नगर परिषद परिसर में सुरक्षा एवं व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
पूरे चुनाव के दौरान शांतिपूर्ण वातावरण बना रहा। चुनाव सम्पन्न होने के बाद निर्वाचित सदस्यों एवं समर्थकों में खुशी का माहौल देखा गया।
नगर परिषद के अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि नई समिति नगर क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।