PM सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना: बक्सर में आज से प्रभाकिरण अभियान शुरू, रूफटॉप सोलर लगाने के लिए लगेंगे शिविर
बक्सर जिले में 20 जुलाई से 'प्रभाकिरण अभियान' शुरू होगा, जिसका उद्देश्य प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अधिक से अधिक घरेलू उपभोक्ताओं क ...और पढ़ें
-1784435019210_m.webp)
AI Generateed Image
HighLights
बक्सर में 20 जुलाई से प्रभाकिरण अभियान की शुरुआत।
पीएम सूर्य घर योजना से उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ।
बिजली बिल में राहत, स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा।
जागरण संवाददाता, बक्सर। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिले में 20 जुलाई से ‘प्रभाकिरण अभियान’ की शुरुआत की जाएगी।
जिला पदाधिकारी साहिला के निर्देश पर शुरू किए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को रूफटाप सोलर प्रणाली से जोड़ना तथा उन्हें बिजली बिल में राहत प्रदान करना है।
इसके साथ ही स्वच्छ और हरित ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देना भी अभियान का प्रमुख लक्ष्य है। अभियान के तहत जिले की सभी 136 पंचायतों और पांच नगर निकायों में चरणबद्ध तरीके से विशेष प्रमाणीकरण एवं जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इन शिविरों में पात्र उपभोक्ताओं को योजना से संबंधित सभी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी। शिविरों में पंजीकरण, आवेदन प्रक्रिया, तकनीकी परामर्श, बैंकिंग सहायता तथा अन्य आवश्यक जानकारियां दी जाएंगी। अभियान का शुभारंभ 20 जुलाई को किया जाएगा।
पहले दिन नगर परिषद, बक्सर के वार्ड संख्या एक से पांच के लाभुकों के लिए जिला निबंधन एवं परामर्श कार्यालय, आईटीआई मैदान में विशेष शिविर लगाया जाएगा। इसके अलावा ब्रह्मपुर प्रखंड की बगेन पंचायत भवन में भी शिविर का आयोजन किया जाएगा।
इसके बाद पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रतिदिन विभिन्न पंचायतों और नगर निकायों में शिविर लगाए जाएंगे। अभियान के सफल संचालन के लिए जिला स्तरीय टास्क फोर्स का गठन किया गया है, जिसकी अध्यक्षता उप विकास आयुक्त करेंगी।
टास्क फोर्स में जिला विकास शाखा, वरीय उप समाहर्ता (बैंकिंग), अग्रणी जिला प्रबंधक, विद्युत विभाग, जीविका तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को शामिल किया गया है। यह टास्क फोर्स अभियान की नियमित समीक्षा कर निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करेगी।
खबरें और भी
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों, बैंक प्रतिनिधियों, पंचायत जनप्रतिनिधियों और जीविका दीदियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने का निर्देश दिया है।