इंजन में खराबी से चौसा में थमी रानी कमलापति स्पेशल, 3.30 घंटे फंसे रहे यात्री; मालगाड़ी का इंजन बना सहारा
इंजन में खराबी के कारण मंगलवार शाम अगरतला-रानी कमलापति स्पेशल ट्रेन चौसा स्टेशन पर करीब साढ़े तीन घंटे तक खड़ी ...और पढ़ें

चौसा पहुंचते ही इंजन में आई खराबी
HighLights
रानी कमलापति स्पेशल ट्रेन का इंजन चौसा में खराब हुआ।
यात्री साढ़े तीन घंटे तक ट्रेन में फंसे रहे।
मालगाड़ी के इंजन से ट्रेन को आगे बढ़ाया गया।
जागरण संवाददाता, बक्सर। इंजन में अचानक खराबी आने के कारण मंगलवार की शाम 01666 अप अगरतला-रानी कमलापति स्पेशल ट्रेन चौसा स्टेशन पर करीब साढ़े तीन घंटे तक खड़ी रही। ट्रेन के मेन लाइन पर रुक जाने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
दानापुर कंट्रोल को सूचना मिलने के बाद जमानिया में खड़ी मालगाड़ी का इंजन चौसा लाया गया और उससे ट्रेन को आगे रवाना किया गया।
चौसा पहुंचते ही इंजन में आई खराबी
मिली जानकारी के अनुसार, 01666 अप ट्रेन बक्सर से दोपहर करीब 2:25 बजे डीडीयू के लिए रवाना हुई थी। ट्रेन चौसा पहुंची ही थी कि उसके इंजन में अचानक तकनीकी खराबी आ गई।
इसके बाद ट्रेन मेन लाइन पर ही खड़ी हो गई। चालक और रेलकर्मियों की ओर से इसकी सूचना तत्काल दानापुर कंट्रोल को दी गई।
जमानिया से मंगाया गया मालगाड़ी का इंजन
कंट्रोल से सूचना मिलने के बाद जमानिया में खड़ी मालगाड़ी के इंजन को चौसा लाने का निर्देश दिया गया। मालगाड़ी का इंजन चौसा पहुंचा तो पहले खराब इंजन को ट्रेन से अलग किया गया।
इसके बाद मालगाड़ी का इंजन ट्रेन में जोड़ा गया और करीब 6:20 बजे ट्रेन को डीडीयू के लिए रवाना किया गया।
साढ़े तीन घंटे तक ट्रेन में परेशान रहे यात्री
चौसा जैसे छोटे स्टेशन पर ट्रेन के लंबे समय तक खड़े रहने से यात्रियों को काफी परेशानी हुई। यात्रियों को करीब साढ़े तीन घंटे तक ट्रेन के रवाना होने का इंतजार करना पड़ा। इंजन में खराबी के कारण ट्रेन की यात्रा भी निर्धारित समय से काफी प्रभावित हुई।
अन्य ट्रेनों की आवाजाही पर नहीं पड़ा असर
बक्सर स्टेशन प्रबंधक रजत सक्सेना ने बताया कि ट्रेन मेन लाइन पर खराब हुई थी। इस दौरान अन्य ट्रेनों को चौसा में लूप लाइन से गुजार दिया गया। इस कारण दूसरी ट्रेनों को अतिरिक्त रूप से रोकने की जरूरत नहीं पड़ी और उनका परिचालन प्रभावित नहीं हुआ।
खराब इंजन को बाद में ले जाया गया डीडीयू से
बताया गया कि ट्रेन को मालगाड़ी के इंजन से डीडीयू रवाना करने के बाद वहां से एक अन्य इंजन भेजा गया। इस इंजन की मदद से खराब इंजन को लेकर दानापुर की ओर रवाना किया गया। रेलवे की ओर से खराबी के कारणों की तकनीकी जांच की जा रही है।
