Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दरभंगा में हाइवा की टक्कर से बाइक सवार दो मजदूरों की मौत, एक गंभीर, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

    Updated: Sat, 25 Jul 2026 02:04 PM (GMT+05:30)

    Bihar Accident News:दरभंगा के बहेड़ी थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में हाइवा की टक्कर से बाइक सवार दो मजदूरों की मौत हो गई, ...और पढ़ें

    घटना के बाद शोकाकुल स्वजन। फोटो: जागरण

    घटना के बाद शोकाकुल स्वजन। फोटो: जागरण

    संवाद सहयोगी, दरभंगा। Darbhanga Road Accident: जिले के बहेड़ी थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।

    हादसे के बाद चालक हाइवा लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर स्वजन को सौंप दिया है।

    बाबा चौक के पास हादसा

    घटना सुरहाचट्टी-हथौड़ी मुख्य पथ स्थित बाबा चौक के समीप हुई। तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार तीन मजदूरों को टक्कर मार दी। हादसे में समस्तीपुर जिले के हथौड़ी थाना क्षेत्र के रहटौली गांव निवासी मो. तबरेज आलम (48) और मो. आजाद (45) की मौत हो गई।

    एक मजदूर गंभीर घायल

    हादसे में मो. इसराइल (30) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीनों आपस में चचेरे भाई हैं और राजमिस्त्री के साथ मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।

    बहन के घर से लौट रहे थे

    मृतक के भतीजे मो. असलम ने बताया कि तीनों शुक्रवार को मजदूरी समाप्त करने के बाद सुरहाचट्टी स्थित अपनी बहन की ससुराल गए थे। देर रात बाइक से घर लौटने के दौरान तेज रफ्तार हाइवा ने उन्हें कुचल दिया और चालक वाहन लेकर फरार हो गया।

    परिवार पर टूटा संकट

    स्वजन के अनुसार, तीनों परिवार बेहद आर्थिक रूप से कमजोर हैं और मजदूरी ही आय का मुख्य स्रोत थी। कमाने वाले सदस्यों की मौत से परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

    स्वजन का रो रोकर बुरा हाल

    मृतक तबरेज आलम अपने पीछे पत्नी जमीला खातून, दो पुत्र और दो पुत्रियां छोड़ गए हैं। वहीं मो. आजाद के परिवार में तीन पुत्र और दो पुत्रियां हैं। सभी बच्चे नाबालिग हैं। हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा है और स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

    खबरें और भी