खेल में भी मुकाम: बेनीपुर में उत्तर बिहार का पहला आधुनिक टर्फ क्रिकेट ग्राउंड, खिलाड़ियों में उत्साह
North Bihar Cricket: उत्तर बिहार का पहला आधुनिक टर्फ क्रिकेट ग्राउंड दरभंगा के बेनीपुर स्थित जननायक कर्पूरी ठाकुर-बाबा नागार्जुन स्टेडियम में बनकर तैय ...और पढ़ें

इस पिच ने मिथिलांचल के युवा क्रिकेट खिलाड़ियों में एक नया जोश भर दिया है।(AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, बेनीपुर (दरभंगा)। Turf Cricket Ground: उत्तर बिहार के खेल प्रेमियों और क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए एक शानदार खबर है। दरभंगा जिले के बेनीपुर स्थित जननायक कर्पूरी ठाकुर-बाबा नागार्जुन स्टेडियम में उत्तर बिहार का पहला आधुनिक टर्फ क्रिकेट ग्राउंड बनकर तैयार हो चुका है।
इस नए और आधुनिक ग्राउंड के बनने के बाद से यहां लगातार क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित किए जा रहे हैं, जो पूरे क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। स्थानीय विधायक प्रो. विनय कुमार चौधरी के ऐच्छिक कोष से निर्मित इस टर्फ पिच ने मिथिलांचल के युवा क्रिकेट खिलाड़ियों में एक नया जोश भर दिया है।
अंतरराष्ट्रीय मानकों पर तैयारी
इस आधुनिक टर्फ पिच को बिहार क्रिकेट संघ के विख्यात क्यूरेटर देवीशंकर की देखरेख में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया गया है।
अब स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा, बल्कि उन्हें अपने घर के पास ही विश्वस्तरीय अभ्यास और प्रतियोगिताओं का अवसर मिल रहा है।
बंगाल की घास और झारखंड का मोरंग
तकनीकी विशिष्टताओं की बात करें तो इस पिच की लंबाई करीब 80 फीट और चौड़ाई 24 फीट रखी गई है। इसके निर्माण में सबसे निचली परत में झारखंड से मंगाया गया विशेष मोरंग डाला गया है, जिसके ऊपर सीमेंट की मजबूत परत बिछाई गई है।
पिच को बेहतरीन उछाल और मजबूती देने के लिए इस पर काली मिट्टी डालकर बंगाल की प्रसिद्ध 'बरमूडा सिलेक्शन' घास लगाई गई है।
हाल ही में हुई हल्की बारिश के बाद पिच पर पानी जमा होने की शिकायत पर क्रिकेट एसोसिएशन के संयोजक प्रदीप गुप्ता ने आश्वस्त किया कि पिच का निर्माण बेहद मजबूत तरीके से हुआ है और पानी से इसे कोई नुकसान नहीं पहुंचेगा।
खबरें और भी
स्थानीय खिलाड़ियों में भारी उत्साह
स्थानीय खिलाड़ी मोहम्मद जबार, अशोक कुमार झा, काली कमती और घनश्याम झा ने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि इस टर्फ पिच पर अब तक आधा दर्जन से अधिक क्रिकेट टूर्नामेंट सफतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं।
खेल प्रेमियों का मानना है कि आने वाले समय में यहां अंतरजिला और राज्यस्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा, जिससे बेनीपुर खेल के नक्शे पर एक नई और विशिष्ट पहचान बनाएगा।
स्टेडियम की सुरक्षा के कड़े इंतजाम
स्टेडियम कमेटी के अध्यक्ष सह एसडीओ मनीष कुमार झा ने बताया कि इस बहुमूल्य टर्फ पिच और मैदान की सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह गंभीर है। स्टेडियम के रख-रखाव के लिए दो सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है।
साथ ही मैदान के समतलीकरण के लिए वर्षा पूर्व जुताई (टर्फ पिच को छोड़कर), मुख्य गेट की मरम्मत, लोहे की कड़ी व ताला लगाने और स्टेडियम के खुलने-बंद होने का समय निर्धारित करने जैसे कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं।
साल 2004-05 में रखी गई थी नींव
खिलाड़ियों ने पुरानी यादों को ताजा करते हुए बताया कि वर्ष 2004-05 में तत्कालीन विधायक अब्दुल बारी सिद्दीकी की पहल पर इस स्टेडियम का निर्माण कराया गया था, जिसका उद्घाटन तत्कालीन मंत्री अशोक कुमार सिंह ने किया था।
पूर्व में भी यह स्टेडियम राज्यस्तरीय सुब्रोतो मुखर्जी क्रिकेट टूर्नामेंट का गवाह बन चुका है और अब नए टर्फ ग्राउंड के साथ यह इतिहास रचने को तैयार है।