Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दरभंगा में 70 हजार के लेनदेन विवाद में किसान की हत्या, खेत से मिला शव, पड़ोसी पर आरोप

    Updated: Wed, 05 Aug 2026 04:38 PM (IST)

    दरभंगा के मनीगाछी थाना क्षेत्र में 70 हजार रुपये के लेन-देन विवाद में किसान दयानंद यादव की हत्या कर दी गई। उनका शव खेत से बरामद हुआ है और पड़ोसी पर हत ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    संवाद सहयोगी, दरभंगा। Darbhanga Farmer Murder: जिले के मनीगाछी थाना क्षेत्र के बघात गांव में लेन-देन के विवाद में एक किसान की हत्या का मामला सामने आया है।

    मंगलवार देर शाम किसान का शव खेत से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया।

    मृतक की पहचान बघात गांव के छाड़ापट्टी वार्ड संख्या आठ निवासी तिलक यादव के 47 वर्षीय पुत्र दयानंद यादव के रूप में हुई है। वह खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।

    शाम को धान की फसल देखने के लिए घर से निकले दयानंद यादव काफी देर तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद स्वजन ने उनकी तलाश शुरू की तो उनका शव खेत में पड़ा मिला।

    पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के साला प्रयाग यादव ने आरोप लगाया कि गांव के एक पड़ोसी ने 70 हजार रुपये उधार लिए थे। रकम वापस मांगने पर चार दिन पहले दोनों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हुई थी। उस दौरान आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी थी।

    उन्होंने आरोप लगाया कि मंगलवार को उसी विवाद में पड़ोसी ने गांव के चार अन्य लोगों के साथ मिलकर दयानंद यादव की गला दबाकर हत्या कर दी।

    घटना के बाद पोस्टमार्टम कराकर शव स्वजन को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

    पुलिस का कहना है कि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

    दयानंद यादव अपने पीछे छह पुत्रियों का परिवार छोड़ गए हैं। इनमें दो पुत्रियों की शादी हो चुकी है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है और स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।