Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पहले पूरी तैयारी के साथ आइए, तभी पुरानी सड़क तोड़ने देंगे, दरभंगा में ग्रामीणों के आगे बैकफुट पर विभाग

    Updated: Mon, 03 Aug 2026 03:41 PM (IST)

    गौड़ाबौराम में ग्रामीणों ने पुरानी सड़क तोड़ने का विरोध कर निर्माण कार्य रुकवा दिया, क्योंकि बरसात में आवागमन बाधित होने का डर था। विभागीय अधिकारियों ...और पढ़ें

    तोड़ी गई पुरानी पक्की सड़क व सड़क निर्माण से संबंधित लगा प्राक्कलन का बोर्ड।  जागरण।

    तोड़ी गई पुरानी पक्की सड़क व सड़क निर्माण से संबंधित लगा प्राक्कलन का बोर्ड।  जागरण।

    HighLights

    1. ग्रामीणों ने गौड़ाबौराम में पुरानी सड़क तोड़ने का विरोध किया।

    2. बरसात में आवागमन बाधित होने की आशंका जताई गई।

    3. अधिकारियों ने फिलहाल सड़क तोड़ने पर रोक लगाने का निर्देश दिया।

    संवाद सहयोगी, गौड़ाबौराम (दरभंगा)। प्रखंड क्षेत्र के अखतवाड़ा -चतरा हरिजनपुर मार्ग पर पुरानी पक्की सड़क को अर्थमूवर से तोड़ने का ग्रामीणों ने विरोध किया और निर्माण कार्य रुकवा दिया।

    ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के बीच सड़क तोड़े जाने से ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो सकता है। सूचना मिलने पर विभागीय अधिकारियों ने हस्तक्षेप करते हुए फिलहाल पुरानी सड़क तोड़ने पर रोक लगाने का निर्देश दिया।

     पांच वर्ष पूर्व इस सड़क का कराया गया था निर्माण 

    ग्रामीण सुमन शर्मा, सिकंदर मुखिया, राजेंद्र शर्मा एवं विश्वनाथ पासवान आदि ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत लगभग पांच वर्ष पूर्व इस सड़क का निर्माण कराया गया था और यह अब भी उपयोग योग्य स्थिति में है।

    बिना पर्याप्त तैयारी और निर्माण सामग्री उपलब्ध कराए सड़क को तोड़ा जा रहा था। कार्यस्थल पर सड़क निर्माण के लिए आवश्यक सामग्री भी नहीं पहुंचाई गई, जिससे तत्काल निर्माण कार्य शुरू होना संभव नहीं था।

    ग्रामीणों के अनुसार, यह गांव को पूर्वी एवं पश्चिमी कमला तटबंध से जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। वर्तमान में कई स्थानों पर दो फीट तक पानी जमा है।

    ऐसे में यदि सड़क तोड़ दी जाती है तो ग्रामीणों को आवागमन में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।

    लोगों ने आशंका जताई कि कमला बलान नदी में जलस्तर अधिक होने के कारण निर्माण सामग्री का परिवहन फिलहाल संभव नहीं है, जिससे सड़क लंबे समय तक अधूरी रह सकती है।

    शुभारंभ के बाद नहीं शुरू हो सका निर्माण कार्य

    जानकारी के अनुसार, इस मार्ग का निर्माण ग्रामीण सड़क सुदृढ़ीकरण एवं प्रबंधन कार्यक्रम के तहत संवेदक जदुवंश कुमार सिंह द्वारा कराया जाना है।

    1560 मीटर लंबाई वाली सड़क,लगभग 134.830 लाख रुपये की लागत वाली इस योजना की कार्य प्रारंभ तिथि 29 अप्रैल 2025 तथा पूर्णता तिथि 28 अप्रैल 2026 निर्धारित है।

    परियोजना का शुभारंभ 15 मई 2025 को तत्कालीन उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं विजय कुमार सिन्हा, ग्रामीण कार्य विभाग के मंत्री अशोक चौधरी, सांसद डा.गोपाल जी ठाकुर एवं तत्कालीन विधायक स्वर्णा सिंह की उपस्थिति में किया गया था। ग्रामीणों का कहना है कि शुभारंभ के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका।

    वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए संवेदक को फिलहाल पुरानी सड़क नहीं तोड़ने का निर्देश दिया गया है। क्षेत्र बाढ़ प्रभावित है और कमला बलान नदी में जलस्तर अधिक होने के कारण आवागमन प्रभावित है। ऐसे समय में सड़क निर्माण कार्य व्यावहारिक नहीं है। जलस्तर सामान्य होने और आवागमन बहाल होते ही नियमानुसार निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा, ताकि विकास कार्य भी समय पर पूरा हो और ग्रामीणों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
    --संजय कुमार, कनीय अभियंता, ग्रामीण कार्य विभाग।

    खबरें और भी