Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दरभंगा में गूंज रही बास्केटबॉल की धमक, बिहार के कई जिलों के खिलाड़ी दिखा रहे हुनर

    Updated: Sun, 02 Aug 2026 02:45 PM (IST)

    दरभंगा के बिरौल में राज्य स्तरीय सब-जूनियर बास्केटबॉल प्रतियोगिता का आगाज हुआ है, जिसमें बिहार के विभिन्न जिलों से 400 से अधिक युवा खिलाड़ी अपना कौशल ...और पढ़ें

    दरभंगा जिले के बिरौल में बास्केटबाॅल खेलतीं महिला खिलाड़ी। जागरण

    दरभंगा जिले के बिरौल में बास्केटबाॅल खेलतीं महिला खिलाड़ी। जागरण

    संवाद सहयोगी, बिरौल (दरभंगा)। दरभंगा का बिरौल इन दिनों बास्केटबॉल के रोमांच से सराबोर है। राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचे 400 से अधिक युवा खिलाड़ी अपने खेल कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं।

    ग्रामीण क्षेत्र में पहली बार इतने बड़े स्तर पर आयोजित राज्य स्तरीय सब-जूनियर बास्केटबॉल प्रतियोगिता ने खेल प्रेमियों का उत्साह बढ़ाया है। साथ ही स्थानीय प्रतिभाओं को भी अपनी क्षमता दिखाने का बड़ा मंच दिया है।

    रंगारंग कार्यक्रम के साथ प्रतियोगिता का आगाज

    श्रीकृष्णा आइडियल पब्लिक स्कूल परिसर में शनिवार से तीन दिवसीय राज्य स्तरीय सब-जूनियर बालक-बालिका बास्केटबॉल प्रतियोगिता की शुरुआत हुई।

    बिहार बास्केटबॉल संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता का शुभारंभ सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ। स्किप्स विद्यालय, दिल्ली पब्लिक स्कूल रसियारी और किलकारी दरभंगा के विद्यार्थियों ने आकर्षक प्रस्तुतियां देकर समारोह को यादगार बना दिया।

    मैदान पर दिखा रोमांचक मुकाबलों का जोश

    उद्घाटन मुकाबले में बालक वर्ग में मेजबान दरभंगा ने सहरसा को हराकर शानदार शुरुआत की। अन्य मुकाबलों में वैशाली ने मुजफ्फरपुर को 16-3, पटना ने सहरसा को 8-2 तथा भागलपुर ने दरभंगा को 6-2 से पराजित किया। खिलाड़ियों के बेहतरीन प्रदर्शन और मुकाबलों के रोमांच ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।

    बिहार के कई जिलों की टीमें ले रहीं हिस्सा

    प्रतियोगिता में पटना, बक्सर, गया, समस्तीपुर, सहरसा, जमुई, नालंदा, मुजफ्फरपुर, जहानाबाद, वैशाली, भागलपुर और दरभंगा सहित कई जिलों की टीमें भाग ले रही हैं। तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता का समापन दो अगस्त को होगा।

    ग्रामीण प्रतिभाओं को मिलेगा नया मंच

    उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के विशेष कार्य पदाधिकारी राजेश कुमार गुप्ता ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास करते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की प्रतियोगिताएं छिपी प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाती हैं।

    खिलाड़ियों के लिए पुख्ता व्यवस्था

    कार्यक्रम की अध्यक्षता बिहार बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष सुशील कुमार ने की। अनुमंडल पदाधिकारी शशांक राज ने कहा कि छोटे अनुमंडल में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।

    खबरें और भी

    बाहर से आए खिलाड़ियों के लिए आवास, भोजन, चिकित्सा, सुरक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि वे पूरी एकाग्रता के साथ प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें।