दरभंगा में अब अपना भी होगा घर, भूमिहीन परिवारों को मिला जमीन का अधिकार, खिल उठे चेहरे
बिरौल और गौड़ाबौराम प्रखंडों में कुल 17 भूमिहीन परिवारों को आवासीय भूमि का पर्चा सौंपा गया, जिससे उनके अपने घर का सपना साकार हुआ। इस पहल से लाभुकों के ...और पढ़ें

भूमिहीन परिवारों को आवासीय भूमि का पर्चा प्रदान किया गया।
HighLights
बिरौल-गौड़ाबौराम में 17 भूमिहीन परिवारों को मिला पर्चा।
आवासीय भूमि का कानूनी अधिकार मिलने से खुशी।
एसडीओ, डीसीएलआर ने सौंपे भूमि स्वामित्व प्रमाणपत्र।
संवाद सहयोगी, बिरौल (दरभंगा)। वर्षों से अपनी जमीन और पक्के आशियाने का सपना संजोए भूमिहीन परिवारों के लिए खुशियां लेकर आया। बिरौल और गौड़ाबौराम प्रखंड में कुल 17 भूमिहीन परिवारों को आवासीय भूमि का पर्चा सौंपकर उन्हें जमीन का कानूनी अधिकार दिया गया।
पर्चा मिलते ही लाभुकों के चेहरों पर खुशी साफ झलकने लगी। अब इन परिवारों को अपने घर का सपना साकार करने का भरोसा मिला है। प्रशासन ने शेष पात्र लाभुकों को भी जल्द पर्चा उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है, जिससे कोई भी जरूरतमंद परिवार इस अधिकार से वंचित न रहे।
बता दें कि भूमिहीन परिवारों को जमीन का कानूनी अधिकार दिलाने की दिशा में बिरौल अनुमंडल कार्यालय में महत्वपूर्ण पहल की गई। कहुआ और भवानीपुर गांव के सात भूमिहीन परिवारों के बीच गैर मजरूआ मालिक भूमि का पर्चा वितरण किया गया।
इससे लाभुकों में खुशी का माहौल देखा गया। पर्चा वितरण कार्यक्रम में एसडीओ शशांक राज और डीसीएलआर मयंक सिंह ने संयुक्त रूप से लाभुकों को पर्चा सौंपा। इस दौरान कहुआ गांव के पांच तथा भवानीपुर गांव के दो भूमिहीन परिवारों को भूमि का स्वामित्व प्रमाणपत्र दिया गया।
खबरें और भी
एसडीओ ने बताया कि दोनों गांवों के कुल 12 भूमिहीन परिवारों को चिन्हित कर पर्चा निर्गत कर दिया गया है। शनिवार को सात लाभुक अनुमंडल कार्यालय पहुंचे थे, जिन्हें पर्चा उपलब्ध कराया गया। शेष लाभुकों को भी जल्द अनुमंडल कार्यालय बुलाकर पर्चा सौंप दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कहुआ गांव के खाता संख्या 843, खेसरा संख्या 2756 में प्रत्येक लाभुक को दो-दो डिसमिल तथा भवानीपुर गांव के खाता संख्या 2090, खेसरा संख्या 7436 में प्रत्येक लाभुक को चार-चार डिसमिल भूमि का पर्चा दिया गया है।
पर्चा प्राप्त करने वालों में कहुआ की सिजाला देवी, मंजुला देवी, हेमांगी देवी, संजिता देवी और राधो देवी तथा भवानीपुर की जुली कुमारी एवं कुलतारेन देवी शामिल हैं।
कार्यक्रम में अंचलाधिकारी कुमारी सरिता रानी, राजस्व अधिकारी संतोष कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। भूमि का पर्चा मिलने के बाद लाभुकों ने प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें अपने आशियाने का कानूनी अधिकार मिल गया है।
सीओ ने हासोंपुर गांव के पांच भूमिहीन परिवारों को आवासीय भूमि दिया का पर्चा
गौड़ाबौराम (दरभंगा)। प्रखंड के अंचल कार्यालय में भूमिहीन परिवारों के लिए राहत और खुशी का अवसर देखने को मिला। अंचल अधिकारी अभिषेक कुमार ने बघरासी पंचायत के हासोंपुर गांव के पांच भूमिहीन परिवारों को आवासीय भूमि का पर्चा (बासगीत पर्चा) प्रदान किया।
प्रत्येक लाभुक को तीन-तीन डिस्मल भूमि आवंटित की गई, जिससे वर्षों से अपने आशियाने का सपना संजोए परिवारों को नई उम्मीद मिली। पर्चा प्राप्त करने वालों में मणिकांत सदा (पिता- राजकिशोर सदा), पवित्री देवी (पति- गणेशी सदा), अमोला देवी (पति- हरिश्चंद्र सदा) , प्रेमकांत सदा पिता राज किशोर सदा तथा मुकेश सदा (पिता- सीतो सदा) शामिल हैं।
पर्चा हाथ में मिलते ही चारों लाभुकों के चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने कहा कि अब उन्हें अपने घर के लिए जमीन की चिंता नहीं रहेगी और वे सम्मानपूर्वक अपना आशियाना बना सकेंगे। उनका कहना था कि यह उनके परिवार के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित सौगात है।
इस अवसर पर गौड़ाबौराम पूर्वी मंडल भाजपा अध्यक्ष काली प्रसाद साहू एवं लोजपा (रा.) के प्रखंड अध्यक्ष राजकुमार कुमार झा ने भूमिहीन परिवारों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार की ऐसी जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं।
उन्होंने कहा कि जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों को उनका अधिकार दिलाने के लिए आगे भी हरसंभव सहयोग किया जाएगा, ताकि कोई भी गरीब परिवार आवासीय भूमि और सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
अंचल कार्यालय में आयोजित इस वितरण कार्यक्रम को ग्रामीणों ने भूमिहीन परिवारों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। लोगों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी पात्र लाभुकों को इसी तरह पारदर्शी तरीके से आवासीय भूमि उपलब्ध कराई जाएगी।