विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में वाराणसी की भक्ति परंपरा की झलक, मां दुर्गा के जयकारों से गूंजा दरभंगा

Published: Mon, 19 Oct 2026 11:43 AM (IST)

दरभंगा में शंख और ढाक की थाप के साथ मां दुर्गा के जयकारों से पूरा शहर भक्तिमय हो उठा है, ...और पढ़ें

शहर के नाका छह दुर्गा माता के पंडाल में गंगा आरती करते वाराणसी के कलाकार। जागरण

शहर के नाका छह दुर्गा माता के पंडाल में गंगा आरती करते वाराणसी के कलाकार। जागरण

HighLights

  1. दरभंगा में नवरात्र और महाअष्टमी का भक्तिमय माहौल।

  2. रंग-बिरंगे पूजा पंडालों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़।

  3. शक्तिपीठों में खोइछा भरकर मांगी परिवार की सुख-समृद्धि।

जागरण संवाददाता, दरभंगा। शंख की गूंज, ढाक की थाप और मां दुर्गा के जयकारों से पूरा दरभंगा भक्तिमय हो उठा है। शहर की सड़कों से लेकर गांव की गलियों तक नवरात्र का उल्लास छाया हुआ है।

रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाते पूजा पंडालों में मां के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। महाअष्टमी पर कहीं महाभोग अर्पित किया गया तो कहीं संध्या आरती में भक्तों ने मां का जयकारा लगाकर सुख-समृद्धि की कामना की। पूजा पंडालों की आकर्षक सजावट और देवी प्रतिमाओं की कलाकारी श्रद्धालुओं को बरबस अपनी ओर खींच रही है।

महाअष्टमी पर उमड़ा आस्था का सैलाब

महाअष्टमी के अवसर पर सुबह से ही पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। दिन चढ़ने के साथ भीड़ बढ़ती गई। श्रद्धालु एक पंडाल से दूसरे पंडाल पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन करते रहे। कलाकारों की बारीक कलाकारी और आकर्षक साज-सज्जा लोगों के लिए विशेष आकर्षण बनी रही। रंग-बिरंगी लाइटों से सजे पंडालों की छटा देखते ही बन रही थी।

शक्तिपीठों में दर्शन को लगी कतार

शहर के प्रमुख मंदिरों में भी भक्तों की भारी भीड़ रही। मां श्यामा मंदिर के साथ शक्तिपीठ मां कंकाली, मां मलेच्छमर्दनी और मां महामंगला काली मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालु पहुंचे। मंदिरों में महिलाओं और युवतियों की संख्या अधिक दिखी। ढोल, ढाक और शंख की ध्वनि के बीच संध्या आरती के दौरान वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक मां के जयकारे गूंजते रहे।

खोइछा भरकर मां से मांगा आशीर्वाद

महाअष्टमी पर पूजा पंडालों में महिलाओं की विशेष भीड़ खोइछा भरने के लिए उमड़ी। अहले सुबह से शुरू हुआ यह सिलसिला शाम तक जारी रहा। महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार मां दुर्गा का खोइछा भरकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूजा समितियों की ओर से भी विशेष व्यवस्था की गई थी। पूरे जिले में दुर्गापूजा को लेकर उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है।

यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर में अगरबत्ती से महकेगी समृद्धि, महवल में लेदर उद्योग खोलेगा खुशहाली के द्वार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।