Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दरभंगा में एक साल पहले बनी थी दुल्हन, अब फंदे से लटका मिला शव

    Updated: Fri, 07 Aug 2026 10:10 PM (GMT+05:30)

    दरभंगा के लहेरियासराय में एक नवविवाहिता जन्नत परवीन का शव फंदे से लटका मिला, जिसकी शादी एक साल पहले हुई थी। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए ...और पढ़ें

    जन्नत परवीन की फाइल फोटो। सौ. स्वजन

    जन्नत परवीन की फाइल फोटो। सौ. स्वजन

    HighLights

    1. दरभंगा में नवविवाहिता जन्नत परवीन का शव फंदे से मिला।

    2. मायके वालों ने ससुराल पर दहेज हत्या का गंभीर आरोप लगाया।

    3. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, मामले की जांच जारी है।

    संवाद सहयोगी, दरभंगा । लहेरियासराय थाना क्षेत्र के खाजासराय में मो. ईरान की पत्नी जन्नत परवीन (20) का शव फंदे से लटका मिला। एक वर्ष पहले ही उसकी शादी हुई थी।

    सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। स्वजन के अनुसार, रहमगंज निवासी मो मंसूर की पुत्री जन्नत की शादी करीब एक वर्ष पूर्व खाजासराय निवासी मो. जाकिर के पुत्र मो. ईरान से हुई थी।

    मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप लगाया है। मृतका के चाचा मो. एहसान ने बताया कि शादी के बाद से ही जन्नत पर दहेज के लिए दबाव बनाया जाता था। हर महीने उसको मायके से 20 से 30 हजार लाने को कहा जाता था।

    उन्होंने दावा किया कि जन्नत के पिता ने लगातार तीन महीने तक 20-20 हजार ससुराल वालों को दिए, लेकिन इसके बावजूद प्रताड़ना बंद नहीं हुई।

    चाचा ने आरोप लगाया कि बुधवार को उन्हें फोन कर बताया गया कि जन्नत ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर रखा है।

    जब वह मौके पर पहुंचे तो दरवाजा खुला था और जन्नत का शव घर के अंदर पड़ा हुआ था। उन्होंने कहा कि मृतका के गले पर गंभीर चोट के निशान थे। उन्हें आशंका है कि पहले उसके साथ मारपीट की गई और बाद में हत्या कर शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।

    मो. एहसान ने आरोप लगाया कि उसका ससुर अवैध नशे के धंधे में संलिप्त है और जन्नत पर भी इसमें सहयोग करने का दबाव बनाता था।

    जन्नत द्वारा इन्कार करने पर उसे और अधिक प्रताड़ित किया जाने लगा। घटना के बाद ससुराल पक्ष समझौते का प्रस्ताव लेकर आया और मुआवजा देने की बात कही, लेकिन परिवार ने इसे ठुकराते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और फांसी की सजा की मांग की।

    खबरें और भी

    स्वजन के अनुसार, मृतका का पति दिल्ली में मजदूरी करता है, जबकि उसके पिता ठेला पर सब्जी बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।

    आर्थिक तंगी के बावजूद उन्होंने बेटी की प्रताड़ना को देखते हुए कई बार ससुराल पक्ष को पैसे दिए। इधर, लहेरियासराय थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

    पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और स्वजन के आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल मामले की जांच जारी है और सभी आरोपों की निष्पक्ष पड़ताल की जा रही है।