दरभंगा शहर में 10 मिनट का सफर बन रहा दो घंटे का, शाम होते ही थम जाती है रफ्तार
दरभंगा में शाम होते ही ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा जाती है, जिससे 10 मिनट का सफर तय करने में डेढ़ से दो घंटे लग रहे हैं। ट्रैफिक पुलिस की अनुपस्थिति और भार ...और पढ़ें

दरभंगा शहर में लगा जाम। जागरण
HighLights
शाम को 10 मिनट का सफर दो घंटे में।
ट्रैफिक पुलिस की अनुपस्थिति से जाम की समस्या।
भारी वाहनों के प्रवेश से स्थिति और बिगड़ती है।
जागरण संवाददाता, दरभंगा। बिहार के दरभंगा शहर में ट्रैफिक व्यवस्था लोगों के लिए रोजाना बड़ी मुसीबत बन गई है। वन-वे और नो-एंट्री जैसी व्यवस्थाएं लागू होने के बावजूद शाम होते ही प्रमुख सड़कें वाहनों से पट जाती हैं।
हालात ऐसे हैं कि 10 मिनट का सफर तय करने में डेढ़ से दो घंटे लग रहे हैं। सबसे बड़ी शिकायत यह है कि शाम के बाद ट्रैफिक पुलिस सड़कों से नदारद नजर आती है, जिससे लोगों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है।
शाम सात बजे के बाद बिगड़ते हैं हालात
शहर के वीआईपी रोड और एलएन मिश्रा पथ पर वन-वे व्यवस्था लागू है। वहीं रात नौ बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक है। इसके बावजूद शाम सात बजे के बाद जाम की स्थिति लगातार विकराल हो जाती है।
10 मिनट का सफर बन रहा दो घंटे की मशक्कत
स्थानीय लोगों का कहना है कि सामान्य दिनों में जहां 10 मिनट में गंतव्य तक पहुंच जाते थे, वहीं अब उसी दूरी को तय करने में डेढ़ से दो घंटे तक लग रहे हैं। इससे रोजमर्रा की जिंदगी बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
शाम ढलते ही सड़क से गायब हो जाते हैं ट्रैफिक जवान
लोगों का आरोप है कि शाम के बाद ट्रैफिक थाना और स्थानीय पुलिस की सक्रियता बेहद कम हो जाती है। प्रमुख चौक-चौराहों पर ट्रैफिक जवान नजर नहीं आते, जिससे जाम और बढ़ जाता है।
खबरें और भी
बारिश में और बिगड़ जाती है स्थिति
बारिश होने पर कई सड़कों पर जलजमाव हो जाता है। इससे वाहनों की लंबी कतार लग जाती है और पूरा शहर घंटों तक जाम की गिरफ्त में आ जाता है।
नो-एंट्री खत्म होते ही बढ़ जाती है परेशानी
रात नौ बजे नो-एंट्री समाप्त होते ही ट्रक, ट्रैक्टर और अन्य भारी वाहन शहर में प्रवेश करने लगते हैं। इससे पहले से लगे जाम की समस्या और गंभीर हो जाती है।
एंबुलेंस और स्कूल बसें भी जाम में फंस रहीं
वन-वे व्यवस्था और ट्रैफिक दबाव के कारण एंबुलेंस, मरीजों के वाहन, स्कूल बसें और अभिभावकों की गाड़ियां भी घंटों जाम में फंसी रहती हैं। इसका असर मरीजों, विद्यार्थियों और यात्रियों पर पड़ रहा है।
इन इलाकों में सबसे ज्यादा जाम
वीआईपी रोड, बेंता चौक, अल्लपट्टी रोड, दोनार रोड, दिलावरपुर रोड, कटहलबाड़ी रोड, कादिराबाद पुरानी बस स्टैंड रोड, बाघ मोड़, आयकर चौराहा, डीएनवी रोड, मिर्जापुर चौक, दरभंगा टावर, मौलागंज रोड, रहमगंज रोड और नाका छह रोड पर सुबह से देर रात तक जाम की स्थिति बनी रहती है।
परीक्षा केंद्रों के आसपास भी भारी दबाव
जिले में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के कारण जिला स्कूल रोड, एमएल एकेडमी स्कूल और अन्य परीक्षा केंद्रों के आसपास भी भारी भीड़ उमड़ रही है। लोगों का कहना है कि न तो प्रभावी रूट डायवर्जन किया जा रहा है और न ही वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की गई है।
लोगों ने उठाई यह मांग
पंडासराय निवासी पंकज कुमार और सैदनगर निवासी अभय चौधरी समेत कई स्थानीय लोगों ने शाम और रात के समय प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस की तैनाती, प्रभावी यातायात प्रबंधन, परीक्षा के दिनों में रूट डायवर्जन तथा भारी वाहनों के प्रवेश की बेहतर व्यवस्था लागू करने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो शहर की ट्रैफिक व्यवस्था और बदहाल हो जाएगी।
ट्रैफिक पुलिस साढ़े नौ बजे रात्रि तक ही तैनात रहती है। अगर इस अवधि में कोई अनुपस्थित पाएं जाएंगे तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
चंद्रोदय प्रकाश, थानाध्यक्ष यातायात , दरभंगा