त्योहारों पर मिठाई के शौकीनों के लिए खुशखबरी, दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर में सुधा डेयरी की खास प्लानिंग
festival demand: त्योहारों पर दूध, खोवा और मिठाइयों की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए सुधा डेयरी ने दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर में विशेष तैयारी की है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
सुधा डेयरी ने त्योहारों के लिए दूध, मिठाई उत्पादन बढ़ाया।
दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर में नियमित दूध आपूर्ति सुनिश्चित।
गुणवत्ता नियंत्रण पर जोर, ग्राहकों को परेशानी नहीं।
जागरण संवाददाता, दरभंगा। त्योहारों का रंग गाढ़ा होते ही घरों में दूध, खोवा और मिठाइयों की मांग बढ़ने लगी है। ऐसे में लोगों को मिठास के लिए भटकना न पड़े, इसके लिए सुधा डेयरी ने तैयारी शुरू कर दी है।
दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर में दूध की नियमित आपूर्ति के साथ ही विभिन्न प्रकार की मिठाइयों के उत्पादन पर भी जोर दिया जा रहा है। संस्थान ने त्योहारों के दौरान मांग के अनुरूप दूध और दुग्ध उत्पाद उपलब्ध कराने के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं।
तीन जिलों में पांच लाख लीटर दूध की आपूर्ति
सुधा डेयरी की ओर से दरभंगा प्रमंडल के तीन जिलों में प्रतिदिन करीब पांच लाख लीटर दूध की आपूर्ति की जाती है। इसमें दरभंगा जिले को लगभग 70 हजार लीटर और मधुबनी जिले को करीब 95 हजार लीटर दूध उपलब्ध कराया जाता है। शेष दूध की आपूर्ति समस्तीपुर जिले में की जाती है।
दरभंगा में डेढ़ लाख लीटर दूध की मांग
दरभंगा जिले में प्रतिदिन करीब डेढ़ लाख लीटर दूध की मांग है। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध दूध के अतिरिक्त मांग पूरी करने के लिए समस्तीपुर जिले से भी आपूर्ति की जाती है। सहकारी समितियों और अन्य माध्यमों से दूध एकत्र कर लोगों तक पहुंचाया जाता है।
मिठाइयों के उत्पादन की तैयारी शुरू
त्योहारों के दौरान दूध से बनने वाली मिठाइयों की मांग में वृद्धि को देखते हुए उत्पादन की तैयारी शुरू कर दी गई है। लोगों की जरूरत के अनुरूप विभिन्न प्रकार की मिठाइयां उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि पर्व के दौरान ग्राहकों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
मिठाइयों की गुणवत्ता पर भी नजर
दूध और उससे बनने वाले उत्पादों की उपलब्धता के साथ उनकी गुणवत्ता पर भी ध्यान दिया जा रहा है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम समय-समय पर मिठाइयों के नमूने लेकर जांच के लिए पटना स्थित प्रयोगशाला भेजती है। संस्थान के अधिकारियों के अनुसार, जांच में अधिकांश नमूने निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए गए हैं।
सभी केंद्रों से ग्राहकों तक पहुंचेगा दूध
प्रमंडलीय सुधा डेयरी के प्रभारी पदाधिकारी डा. सुभाष चंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि त्योहारों को देखते हुए दूध और मिठाइयों की पर्याप्त आपूर्ति की व्यवस्था की गई है।
निर्धारित मानकों के अनुरूप दूध और उससे बने उत्पाद उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। सभी केंद्रों के माध्यम से ग्राहकों तक दूध पहुंचाने की व्यवस्था की गई है, ताकि त्योहारों के दौरान लोगों को दूध और दुग्ध उत्पादों की उपलब्धता में परेशानी नहीं हो।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।